विदेश

उड़ान के बीच मचा हड़कंप! ईरान में Sepehran Airlines के Boeing 737 का केबिन सीलिंग टूटा, इमरजेंसी लैंडिंग से बची बड़ी अनहोनी

Iran Plane Emergency Landing: हवा में उड़ते विमान में अचानक आई खराबी के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आपात स्थिति में लौटे Boeing 737 के अंदर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन की सीलिंग नीचे आ गिरी। घटना ने ईरान के विमान रखरखाव और पुराने विमानों की स्थिति पर नई बहस छेड़ दी है।
2 min read
Sep 16, 2026
Sepehran Airlines Boeing 737 incident
Sepehran Airlines Boeing 737 incident: सेपेहरान एयरलाइंस बोइंग 737 हादसा (सोर्स: X@AJEnglish)

Sepehran Airlines Boeing 737 Incident: ईरान में एक यात्री विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान सामने आए डरावने घटनाक्रम ने विमान सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। मशहद से उड़ान भरने वाले Sepehran Airlines के Boeing 737 में टेकऑफ के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी आई, जिसके बाद पायलटों को वापस एयरपोर्ट लौटना पड़ा। लैंडिंग के समय विमान की छत का अंदरूनी हिस्सा टूटकर यात्रियों के ऊपर गिर गया, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

मशहद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, उड़ते विमान में गिरने लगी छत

ईरान के मशहद एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले Sepehran Airlines के Boeing 737 विमान को मंगलवार को अचानक आपात स्थिति में वापस लौटना पड़ा। विमान मशहद से केरमानशाह जा रहा था, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद इसमें तकनीकी समस्या सामने आ गई।

रिपोर्ट के अनुसार, विमान के लैंडिंग गियर के एक टायर में खराबी आने के बाद पायलटों ने आपात स्थिति घोषित की और विमान को वापस मशहद एयरपोर्ट लाने का फैसला किया। लैंडिंग के दौरान विमान के केबिन की ऊपरी परत यानी सीलिंग का हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। इस घटना से यात्रियों में डर का माहौल बन गया।

ब्राजील के समाचार पोर्टल UOL ने ईरान के रजवी खोरासान प्रांतीय प्रशासन के हवाले से बताया कि हादसे के बावजूद किसी यात्री को चोट नहीं आई और सभी लोगों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया।

टायर फटने की आशंका, जांच के बाद साफ होगी वजह

घटना की शुरुआती जानकारी में आशंका जताई गई कि टेकऑफ के दौरान विमान का टायर फट सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विमान में तकनीकी खराबी की वास्तविक वजह जानने के लिए जांच शुरू की गई है।

Sepehran Airlines के प्रवक्ता हसन जाफरी ने ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी Fars News Agency के हवाले से बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और बाद में उन्हें दूसरे विमान से केरमानशाह भेजा गया। घटना के बाद मशहद एयरपोर्ट के रनवे को कुछ समय के लिए बंद रखा गया, ताकि विमान और रनवे की जांच की जा सके। बाद में परिचालन फिर शुरू कर दिया गया।

ईरान के विमान बेड़े पर फिर उठे सवाल

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब ईरान लंबे समय से अपने विमानन क्षेत्र में चुनौतियों का सामना कर रहा है। अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण ईरान को कई आधुनिक विमान पुर्जों, रखरखाव सेवाओं और तकनीकी सहायता तक सीमित पहुंच मिलती रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, इन परिस्थितियों ने देश की एयरलाइनों के सामने पुराने विमानों के रखरखाव को बड़ी चुनौती बना दिया है।

Sepehran Airlines से जुड़ी यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 25 अगस्त को इसी एयरलाइन का एक Boeing 737-500 विमान तेहरान से मशहद पहुंचने के बाद रनवे से बाहर निकल गया था। उस घटना में विमान का आगे वाला लैंडिंग गियर क्षतिग्रस्त हो गया था, लेकिन विमान में सवार 127 यात्री और चालक दल सुरक्षित रहे थे।

विमानन अधिकारियों ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू की है। फिलहाल ताजा मामले में राहत की बात यही रही कि तकनीकी खराबी और डरावने हालात के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई।

Updated on:
16 Sept 2026 07:27 am
Published on:
16 Sept 2026 07:06 am