
बांग्लादेश (Bangladesh) में 2024 में बड़ा राजनीतिक उलटफेर हो गया था, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना (Sheikh Hasina) को पीएम पद और देश छोड़कर भागना पड़ा था। बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के चलते 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को अपनी बहन शेख रेहाना (Sheikh Rehana) के साथ बांग्लादेश छोड़ना पड़ा और वह भारत (India) आ गई थीं। तभी से वह भारत सरकार की शरण में रह रही हैं। शेख हसीना के जाने के बाद मुहम्मद यूनुस (Muhammad Yunus) के नेतृत्व में बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का गठन हुआ। यूनुस ने समय-समय पर शेख हसीना के बांग्लादेश प्रत्यर्पण की मांग की। इस साल फरवरी में बांग्लादेश में चुनाव हुए और तारिक रहमान (Tarique Rahman) देश के पीएम बने। उनकी सरकार भी शेख हसीना को वापस बांग्लादेश लाना चाहती है। शेख हसीना ने सोमवार को दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से नए पासपोर्ट और पहचान पत्र का अनुरोध किया और बताया कि वह देश वापस लौटना चाहती हैं।
बांग्लादेश के अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने इस मामले पर बात करते हुए बताया कि अगर शेख हसीना वापस बांग्लादेश लौटती हैं, तो उनके पास अपने खिलाफ सुनाई गई सज़ा-ए-मौत का सामना करने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं होगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 2024 में छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के दौरान मानवता के विरुद्ध अपराधों के लिए शेख हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मौत की सज़ा सुनाई गई थी।
इस साल की शुरुआत में शेख हसीना ने कहा था कि वह दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की योजना बना रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि गिरफ्तारी या मारे जाने का डर उन्हें अपने देश लौटने से रोक नहीं पाएगा। पूर्व बांग्लादेशी पीएम ने बताया है कि वह अपने देश लौटकर अदालत में आत्मसमर्पण करना चाहती हैं।
शेख हसीना ने सोमवार को दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से नए पासपोर्ट और पहचान पत्र का अनुरोध किया, लेकिन उनके अनुरोध के कुछ ही घंटों बाद बांग्लादेश सरकारकी तरफ से उसे खारिज कर दिया गया। इसके साथ ही बांग्लादेश सरकार ने शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग भी दोहराई।