
Sheikh Hasina return Bangladesh: अवामी लीग अध्यक्ष शेख हसीना ने स्वदेश लौटने की दिशा में अहम कदम उठाया है। उन्होंने दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआईडी) जारी करने का अनुरोध किया है। हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और वहां कानूनी कार्यवाही का सामना करने की इच्छा जताई है।
बांग्लादेश अवामी लीग ने अपने आधिकारिक एक्स प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दी। इसके मुताबिक, "लंदन स्थित कानूनी फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स के माध्यम से उनके वकीलों ने बांग्लादेश की कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान को पत्र भेजकर नए दस्तावेज जारी करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आग्रह किया है।"
पत्र में कहा गया है कि अंतरिम प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की ओर से हसीना का मौजूदा बांग्लादेशी पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र रद्द किए जाने की खबरें हैं। वकीलों ने उनकी बांग्लादेशी नागरिकता और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संधियों के तहत देश के दायित्वों का हवाला देते हुए नए दस्तावेज जारी करने की मांग की है।
विदेशी संवाददाता क्लब ऑफ साउथ एशिया को संबोधित करते हुए हसीना ने दावा किया कि उनकी सरकार बातचीत, कानूनी कदम और समझौते से मुद्दा सुलझाना चाहती थी। लेकिन संगठित समूहों ने प्रदर्शन का फायदा उठाया। उन्होंने कहा कि कोटा सुधार आंदोलन को मेरे इस्तीफे की एकमात्र मांग में बदल दिया गया। झूठा प्रचार योजनाबद्ध तरीके से फैलाया गया। असली छात्रों को भावनात्मक रूप से भड़काया गया, जबकि संगठित गुटों ने हिंसा और सत्ता परिवर्तन के लिए इस आंदोलन का इस्तेमाल किया।
इतिहास मिटाने की कोशिश का आरोपपूर्व प्रधानमंत्री ने दावा किया कि 1971 के मुक्ति युद्ध से जुड़े प्रतीकों को तोड़ा गया। अल्पसंख्यक समुदायों और पत्रकारों को निशाना बनाया गया। शेख मुजीबुर रहमान का ऐतिहासिक धनमंडी 32 वाला घर गिरा दिया गया। हसीना के अनुसार यह मुक्ति युद्ध की विरासत को मिटाने की कोशिश थी।
हसीना के मुताबिक 15 जुलाई 2024 से प्रदर्शन में हत्याएं, आगजनी, सरकारी संपत्तियों पर हमले और पुलिस बलों पर हिंसा शुरू हो गई। सत्ता से हटने के बाद आवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर बड़े पैमाने पर उत्पीड़न हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों लोग मारे गए, लापता हुए या गिरफ्तार किए गए। लाखों लोगों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए गए। उन्होंने मुहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार पर आरोप लगाया कि उसने हिंसा की जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग को रोक दिया।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कुछ दिनों पहले देश लौटने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि ढाका लौटने पर मुझे मारा जा सकता है। मुझे गिरफ्तार किया जा सकता है। मुझे जेल भेजा जा सकता है। मुझे अपनी किस्मत का पूरा पता है। फिर भी मैं वापस जाना चाहती हूं क्योंकि मेरे लोग मुझे बुला रहे हैं।