
वियतनाम (Vietnam) के बाक निन्ह (Bắc Ninh) प्रांत के बिएन सोन (Bien Son) कम्यून में स्थित राष्ट्रीय फायरिंग रेंज टीबी1 (TB1) पर सैन्य ट्रेनिंग के दौरान एक हादसा हो गया। युद्ध की तैयारी वाली ट्रेनिंग के दौरान रेजिमेंट 102, डिवीजन 308, कोर 12 के बीएमपी-1 आर्मर्ड व्हीकल (BMP-1 Armored Vehicle) के चालक दल के सामने अचानक एक ऐसी समस्या आ गई जिसके बारे में उन्होंने सोचा भी नहीं होगा। गुरुवार को सुबह करीब 8 बजकर 25 मिनट (स्थानीय समयानुसार) पर सेना के इस वाहन में खराबी आ गई और वो पानी में डूब गया।
वियतनाम के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी दी कि इस हादसे में उनके 6 सैनिकों की मौत हो गई। सभी 6 सैनिक एक ही यूनिट स्क्वाड 4, प्लाटून 5, कंपनी 10, बटालियन 9 के सदस्य थे।
सेना के बीएमपी-1 आर्मर्ड व्हीकल में क्या खराबी आई और वो किस वजह से डूबा, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वियतनाम के पीएम ले मिन्ह हंग (Lê Minh Hưng) ने सैन्य ट्रेनिंग के दौरान हुए हादसे में मारे गए सभी 6 सैनिकों को 'फादरलैंड्स रिकग्निशन' (मातृभूमि की ओर से मान्यता) प्रमाण-पत्र देने के फैसले पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही संबंधित एजेंसियाँ मारे गए सभी 6 सैनिकों के लिए सम्मान की सिफारिशें जमा करने की प्रक्रिया पर तेज़ी से काम कर रही हैं। रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार सभी संबंधित प्रक्रियाएं तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही हैं जिससे शहीदों के परिवारों को उचित सहायता और सम्मान मिल सके। रक्षा मंत्रालय आगे की औपचारिकताओं को पूरा कर इन सैनिकों के लिए अतिरिक्त सम्मान और पुरस्कारों की सिफारिश भी कर रहा है।
बीएमपी-1 आर्मर्ड व्हीकल सोवियत युग का सैन्य वाहन है, जिसका अभी भी वियतनामी सेना में व्यापक रूप से इस्तेमाल होता है। इसके पानी में डूबने से वियतनामी सेना में ट्रेनिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। बीएमपी-1 आर्मर्ड व्हीकल जैसे पुराने वहां अभी भी सक्रिय रूप से सैन्य कामकाजों के लिए काम में लिए जा रहे हैं, जिससे इस तरह के हादसों का जोखिम बढ़ जाता है।