अब तुर्की में भी बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाने की तैयारी चल रही है। क्या है पूरा मामला? आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया (Social Media) आज के इस दौर का अहम हिस्सा है। आज का दौर सोशल मीडिया का दौर है। सोशल मीडिया पर दुनियाभर की जानकारी मिल जाती है। खबरें हो या फिर एंटरटेनमेंट, सोशल मीडिया के ज़रिए ये सब मुमकिन है। सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म्स इंटरनेट पर अवेलेबल हैं और बच्चों से लेकर बुज़ुर्ग तक सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि बच्चों के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल सही नहीं माना जाता। सोशल मीडिया के सकारात्मक पहलुओं के साथ ही नकारात्मक पहलू भी हैं और बच्चों पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। ऐसे में जल्द ही तुर्की (Turkey) की सरकार इस मामले में एक बड़ा फैसला ले सकती है।
दुनियाभर में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर बढ़ती चिंता के बीच तुर्की भी सख्त कदम उठाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। तुर्की की संसद की एक रिपोर्ट में नाबालिगों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध, उम्र सत्यापन और कंटेंट फिल्टरिंग जैसे व्यापक उपायों की सिफारिश की गई है। रिपोर्ट के अनुसार तुर्की सरकार 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाने की तैयारी कर रही है।
राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन (Recep Tayyip Erdoğan) की सत्तारूढ़ पार्टी जल्द ही इस मुद्दे पर एक कानून का प्रस्ताव संसद में पेश कर सकती है। परिवार और सामाजिक सेवा मंत्री माहिनुर ओजदेमिर गोकतास (Mahinur Özdemir Göktaş) ने पिछले महीने कैबिनेट बैठक के बाद बताया था कि प्रस्तावित बिल में नाबालिगों के लिए सोशल मीडिया बैन और सर्विस प्रोवाइडर्स के लिए कंटेंट-फिल्टरिंग सिस्टम अनिवार्य करने का प्रावधान शामिल होगा। संसदीय रिपोर्ट में यह भी सिफारिश की गई है कि बच्चों के लिए बिना नोटिस कंटेंट हटाने की व्यवस्था हो और साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से चलने वाले बच्चों के वीडियो गेम्स और खिलौनों की निगरानी हो जिससे हानिकारक कंटेंट को रोका जा सके।