विदेश

सोमालिया की सेना को मिली बड़ी कामयाबी, अल-शबाब के 75 आतंकियों को किया ढेर

सोमालिया की सेना को अल-शबाब आतंकी संगठन के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। क्या है पूरा मामला? आइए नज़र डालते हैं।
2 min read
• •
Updated: 27 Oct 2026, 7:51 PM IST
Somalia soldiers
सोमालिया के सैनिक (File Photo)

आतंकवाद (Terrorism) दुनियाभर के लिए एक बड़ी समस्या बन गया है। दुनिया के कई देशों में आतंकवाद फैल गया है। अफ्रीकी देशों में तेज़ी से आतंकवाद बढ़ा है और इनमें सोमालिया (Somalia) भी शामिल है। अल-शबाब (al-Shabaab) नाम का आतंकी संगठन पिछले कई सालों से सोमालिया में एक्टिव है और समय-समय ओर आतंकी हमलों को अंजाम देता है। यह आतंकी संगठन देश में सेना, अधिकारियों और सामान्य नागरिकों पर हमले करता है। ऐसे में सेना भी समय-समय पर अल-शबाब के आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करती है और अब सेना को आतंकी संगठन के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है।

सेना ने अल-शबाब के 75 आतंकियों को किया ढेर

सोमालिया के सैन्य अधिकारियों के अनुसार आज देश की सेना ने दक्षिण-पश्चिमी बुरहाकाबा जिले के पास एक आतंकी ठिकाने पर चलाए गए अभियान के दौरान अल-शबाब के 75 आतंकियों को मार गिराया। सोमालिया के रक्षा मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी।

56 आतंकी घायल

सोमालिया की सेना के इस अभियान में अल-शबाब के 56 आतंकी घायल भी हो गए। सेना ने आतंकियों के पास से कई हथियार, गोला-बारूद भी बरामद किए।

सैन्य मुहिंम का हिस्सा सेना का अभियान

सोमालिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सेना का यह अभियान देशभर में चल रही सैन्य मुहिम का हिस्सा था। सेना की इस मुहिम का मकसद अल-शबाब को कमजोर करना, उनके गढ़ों को तबाह करना, ज़्यादा से ज़्यादा आतंकियों को मारना और आतंकी संगठन को मज़बूत होने से रोकना है। सेना ने देशभर में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई तेज़ कर दी है, जिससे सोमालिया को अल-शबाब के आतंक से मुक्त किया जा सके।

सेना के खिलाफ अल-शबाब की कार्रवाई भी जारी

इस बीच सोमालिया की सेना के खिलाफ अल-शबाब की कार्रवाई जारी है। देश के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सोमवार दोपहर को अल-शबाब के आतंकियों ने विस्फोटकों से लदे एक वाहन से सैनिकों पर हमला किया, जिससे सेना के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अल-शबाब ने दावा किया है कि सोमवार दोपहर को सेना पर किए भीषण हमले के दौरान उसने 321 सैनिक मारे गए। अल-शबाब अक्सर ही सेना को निशाना बनाता है, जिससे देश में सेना को कमजोर किया जा सके और आतंकी संगठन के प्रभाव को बढ़ाया जा सके।

Updated on:
27 Oct 2026, 7:51 PM IST
Published on: