विदेश

एलन मस्क को लगा बड़ा झटका! अंतरिक्ष में पहुंचा स्टारशिप, वापसी के दौरान आग का गोला बना सुपर हेवी बूस्टर; देखें Video

Super Heavy Booster Explosion: रॉकेट का एक हिस्सा अंतरिक्ष में अपना काम पूरा कर रहा था, जबकि दूसरा समुद्र में आग की लपटों में घिर गया। आखिर इस असफल रिकवरी के बावजूद SpaceX इस उड़ान को भविष्य की बड़ी उपलब्धि क्यों मान रही है?
3 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 9:29 AM IST
SpaceX Starship Flight 15
SpaceX Starship Flight 15

SpaceX Starship Launch 2026: अंतरिक्ष की दुनिया में इतिहास रचने निकली एलन मस्क की कंपनी SpaceX को एक ही उड़ान में कामयाबी और नाकामी, दोनों का सामना करना पड़ा। दुनिया के सबसे शक्तिशाली रॉकेट सिस्टम Starship ने पृथ्वी की कक्षा तक पहुंचकर 26 Starlink सैटेलाइट तैनात करने में सफलता हासिल की, लेकिन उसे वापस धरती पर सुरक्षित लाने की सबसे बड़ी कोशिश नाकाम हो गई। सुपर हेवी बूस्टर की वापसी के दौरान हुए हादसे ने इस मिशन को चर्चा में ला दिया है।

SpaceX Starship Explosion: बूस्टर की वापसी में आई तकनीकी अड़चन

शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को टेक्सास स्थित स्टारबेस से इस मिशन को लॉन्च किया गया। उड़ान के शुरुआती चरण में रॉकेट के दोनों हिस्सों ने योजना के मुताबिक काम किया। करीब दो मिनट 20 सेकंड बाद सुपर हेवी बूस्टर और स्टारशिप के बीच अलगाव हुआ। इसके बाद अंतरिक्ष यान ने अपनी यात्रा जारी रखी, जबकि बूस्टर वापस लॉन्चिंग स्टेशन की ओर मुड़ गया।

योजना के मुताबिक, बूस्टर को लॉन्च टावर पर लगे दो विशाल यांत्रिक बाजुओं की मदद से हवा में ही पकड़ना था। इन बाजुओं को 'चॉपस्टिक्स' कहा जाता है। SpaceX पहले तीन बार इस तकनीक से बूस्टर को सफलतापूर्वक पकड़ चुका है। लेकिन इस बार सुरक्षा प्रणाली ने रिकवरी प्रक्रिया रोक दी और बूस्टर को समुद्र की ओर मोड़ दिया गया। अंततः वह मैक्सिको की खाड़ी में आग के गोले में तब्दील हो गया। कंपनी ने फिलहाल तकनीकी खराबी की स्पष्ट वजह सार्वजनिक नहीं की है।

Elon Musk Starship Mission: अंतरिक्ष में जारी रहा मिशन, 26 सैटेलाइट तैनात

बूस्टर की नाकामी के बावजूद मिशन का दूसरा हिस्सा सफलतापूर्वक आगे बढ़ा। लॉन्च के लगभग 27 मिनट बाद स्टारशिप पृथ्वी की कक्षा में पहुंच गया। इसके बाद उसने SpaceX के 26 उन्नत Starlink V3 सैटेलाइट अंतरिक्ष में तैनात करने शुरू किए।

योजना के अनुसार, अंतरिक्ष यान को करीब 275 किलोमीटर की ऊंचाई पर पृथ्वी के 15 चक्कर लगाने थे। लगभग 22 घंटे की इस यात्रा के बाद उसे वापस टेक्सास स्थित लॉन्च टावर पर लाने और यांत्रिक बाजुओं से पकड़ने की तैयारी थी। यह स्टारशिप के लिए कक्षा से सीधे लॉन्च साइट पर लौटने का पहला बड़ा परीक्षण है।

आखिर क्यों जरूरी है रॉकेट को दोबारा इस्तेमाल करना?

SpaceX की रणनीति केवल रॉकेट को अंतरिक्ष में भेजना नहीं है। वो चाहते हैं कि लॉन्च के बाद भी रॉकेट के अहम हिस्से यूं ही बेकार न हो जाएं। अभी ज्यादातर रॉकेट मिशनों में कई हिस्से जलकर खत्म हो जाते हैं या वापस इस्तेमाल ही नहीं हो सकते। जाहिर है, इससे हर मिशन की लागत बहुत बढ़ जाती है।

Starship को पूरी तरह दोबारा इस्तेमाल करने के पीछे दो बड़े फायदों का सोच है। स्पेस ट्रैवल सस्ता करना और लॉन्च की स्पीड बढ़ाना। लंबी दूरी की बात करें तो SpaceX चंद्रमा पर बेस बनाने की सोच रहा है, और इंसान को मंगल तक पहुंचाना चाहता है। साथ ही, Starlink नेटवर्क को भी फुल स्केल पर पहुंचाने के लिए Starship का रोल जरूरी है।

NASA को भी SpaceX की जरूरत है, सिर्फ Elon Musk के बिजनेस प्लान के लिए नहीं। चंद्रमा तक Artemis मिशन में Astronauts को ले जाने की जिम्मेदारी भी इसी रॉकेट की है। NASA ने इसके लिए SpaceX को अरबों डॉलर की डील दी है, और खुद कंपनी अभी तक करीब 15 अरब डॉलर रॉकेट डिवेलपमेंट में लगा चुकी है।

सोचने वाली बात यह है कि सबसे बड़ी चुनौती अभी भी फ्यूल को लेकर है। चंद्रमा तक भेजने से पहले स्पेस में एक Starship से दूसरे टैंकर को ईंधन ट्रांसफर करना पड़ेगा। NASA की रिपोर्ट्स में इसे बड़ी टेक्निकल चुनौती बताया गया है। इसी दौड़ में जेफ बेजोस की Blue Origin भी है, जो अपने Blue Moon लैंडर पर काम कर रही है।

NASA प्रमुख जेरेड आइजैकमैन ने भी Starship की कक्षा में पहुंचने की कामयाबी को सराहा है। उनके हिसाब से Artemis जैसे मिशनों में स्पेस में Starlink जैसी टेक्नोलॉजी बहुत अहम होगी।

ये बात साफ है Starship की 15वीं उड़ान ने ये दिखा दिया है कि स्पेस तक पहुंचने की टेक्नोलॉजी हर दिन सुधर रही है। लेकिन रॉकेट को सही सलामत वापस लाकर, अगली उड़ान के लिए फिर तैयार करना, SpaceX के लिए अभी भी सबसे बड़ा चैलेंज है।

Updated on:
14 Nov 2026, 9:29 AM IST
Published on: