विदेश

रूस के राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद अब जेलेंस्की से बात करेंगे विटकॉफ-कुशनर, ट्रंप बोले- अच्छा मौका है

Ukraine War: रूस में पुतिन से 3 घंटे की अहम बैठक के बाद अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर अब कीव के दौरे पर हैं। जेलेंस्की से मुलाकात में शांति के रास्ते तलाशे जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
Sep 06, 2026
Vladimir Putin meets Steve Witkoff and Jared Kushner in Moscow
रूस के राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद अब जेलेंस्की से बात करेंगे विटकॉफ-कुशनर / फोटो सोर्स- X(@TabzLIVE)

Witkoff Kushner Putin Moscow talks: रूस और यूक्रेन के बीच सालों से चल रहे युद्ध को रोकने के लिए वैश्विक स्तर पर कोशिशें तेज हो गई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करने के बाद अब यूक्रेन की राजधानी कीव के लिए रवाना हो रहे हैं। क्रेमलिन में पुतिन के साथ करीब तीन घंटे तक चली इस उच्च स्तरीय बातचीत को काफी अहम माना जा रहा है।

पुतिन के साथ डिनर पर भी चर्चा

शनिवार को अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने मॉस्को स्थित क्रेमलिन में व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। बैठक के बाद दोनों पक्षों के बीच डिनर पर भी चर्चा जारी रही। रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने इस मुलाकात को बेहद उपयोगी बताया।
उशाकोव के अनुसार, अमेरिकी प्रतिनिधियों ने इस बातचीत के लिए काफी गंभीरता से तैयारी की थी और युद्ध को जल्द से जल्द खत्म करने के लिए कई रास्ते पेश किए हैं। अमेरिकी टीम अब पुतिन के रुख और उनके सुझावों को कीव में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के सामने रखेगी।

तीन दिनों के लिए हमलों पर लगी रोक

अमेरिकी मध्यस्थों की सुरक्षा और यात्रा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रपति पुतिन ने कीव पर अगले तीन दिनों के लिए रूसी हवाई हमलों को रोकने का आदेश जारी किया है। हालांकि, रूसी प्रशासन ने साफ किया है कि यह केवल एक अस्थायी कदम है और अभी कोई स्थाई युद्धविराम (Ceasefire) लागू नहीं हुआ है।
दूसरी तरफ यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी कहा कि उनका देश सोमवार तक मॉस्को पर किसी भी तरह का हमला नहीं करेगा। जेलेंस्की ने कहा कि वे अमेरिकी टीम का इंतजार कर रहे हैं और शांति के लिए बातचीत को तैयार हैं।

कीव में भारी तनाव के बीच ऐतिहासिक दौरा

युद्ध शुरू होने के बाद स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर की यह पहली कीव यात्रा है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब हाल के दिनों में यूक्रेन पर ड्रोन और मिसाइल हमले हुए हैं।। यात्रा से ठीक पहले कीव के पास दो प्रमुख हवाई अड्डों पर भी रूसी हमला हुआ था। यूक्रेनी रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि हवाई रक्षा प्रणाली की कमी के कारण कीव इस समय कमजोर स्थिति में है, यही वजह है कि जेलेंस्की प्रशासन वार्ता की मेज पर ठोस नतीजे चाहता है।

Updated on:
06 Sept 2026 12:07 pm
Published on:
06 Sept 2026 12:05 pm