विदेश

अमेरिकी एस्कॉर्ट के बीच होर्मुज में समुद्री माइंस से टकराए 3 ऑयल टैंकर, जोरदार विस्फोट के बाद लगी आग

ईरान की IRGC नौसेना ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन तेल टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकरा गए। विस्फोटों के बाद तीनों जहाजों में आग लग गई।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 6:33 AM IST
Strait of Hormuz Oil Tanker Explosion
Strait of Hormuz में तीन तेल टैंकरों में विस्फोट (फोटो - X@presstv)

Strait of Hormuz Oil Tanker Explosion: होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन तेल टैंकरों में जोरदार विस्फोट और उसके बाद आग लगने की खबरें सामने आई हैं। ईरान के सरकारी टीवी चैनल, IRIB ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के हवाले से दावा किया है कि पिछले कुछ घंटों में ये तीनों टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंगों (नेवल माइन्स) से टकरा गए।

IRGC की नौसेना ने सोमवार देर रात बताया कि तीन तेल टैंकरों में विस्फोट हुआ और उनमें आग लग गई। IRGC के अनुसार, इनमें से दो टैंकर जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में बारूदी सुरंगों से टकराए, जबकि तीसरा दक्षिणी तट के पास टकराया।

अमेरिकी सुरक्षा मौजूदगी के बावजूद विस्फोट के दावे

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के मुताबिक, IRGC ने दावा किया है कि ये तीनों टैंकर अमेरिकी सैन्य विमानों की निगरानी और सुरक्षा के दायरे में गुजर रहे थे। इसके बावजूद वे बारूदी सुरंगों से टकरा गए और उनमें आग लग गई।

IRGC ने कहा कि अमेरिकी सेना की हवाई सुरक्षा इन घटनाओं को रोकने में नाकाम रही। उन्होंने आगे कहा कि जल्द इन विस्फोटों और आग का फुटेज जारी किया जाएगा। हालांकि, एजेंसी की रिपोर्ट में टैंकरों के नाम, उन पर लगे झंडों या उनके चालक दल के सदस्यों की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

ईरान ने जहाजों को चेतावनी दी

IRGC की नौसेना ने जहाजों को चेतावनी दी है कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य में तय किए गए शिपिंग मार्गों का सख्ती से पालन करें। साथ ही ईरानी अधिकारियों की अनुमति के बिना किसी अन्य रास्ते का इस्तेमाल करने की कोशिश न करने की भी चेतावनी दी गई है। 12 जुलाई को ईरान ने घोषणा की कि अमेरिका द्वारा फिर से सैन्य हमले शुरू किए जाने के बाद उसने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है।

तेहरान ने बार-बार चेतावनी दी है कि जो भी जहाज तय किए गए मार्गों के अलावा किसी अन्य रास्ते से गुजरने की कोशिश करेगा या बिना अनुमति के इस जलमार्ग को पार करेगा उसे निशाना बनाया जा सकता है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक कच्चे तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) की आपूर्ति के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है।

Updated on:
24 Nov 2026, 6:33 AM IST
Published on: