विदेश

होर्मुज में 15 किमी तैरने वाले ब्रिटिश तैराक ने बताई आंखों देखी, बोले- मौत को बेहद करीब से देखा, पानी में भी लगी थी आग

ब्रिटिश एंड्योरेंस स्विमर लुईस प्यू ने ईरान युद्ध के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में 15 किलोमीटर की तैराकी पूरी की। इस दौरान उन्होंने टैंकर पर हमले, धमाकों और जहाज के आसपास समुद्र में आग लगने का अनुभव साझा किया। उन्होंने तेल रिसाव से समुद्री पर्यावरण को होने वाले लंबे समय के नुकसान को लेकर चेतावनी दी।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 1:53 PM IST
Lewis Pugh Strait of Hormuz swim
ब्रिटिश स्विमर लुईस प्यू (फ़ोटो- वीडियो ग्रैब X@lewispugh)

Lewis Pugh Strait of Hormuz swim: ईरान युद्ध के कारण एक ओर जहां स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल टैंकरों और जहाजों पर हमलों से समुद्र में आग की लपटें उठ रही हैं, वहीं दूसरी ओर ब्रिटिश एंड्योरेंस तैराक लुईस प्यू ने इस रणनीतिक जलमार्ग से 15 किलोमीटर की खतरनाक तैराकी पूरी करके एक बड़े पर्यावरणीय संकट की ओर दुनिया का ध्यान खींचा है।

संयुक्त राष्ट्र के पेट्रन ऑफ द ओशन्स 56 वर्षीय लुईस प्यू ने इस सप्ताह तीन दिनों की एक चुनौती के दौरान ओमान के मुसन्दम प्रायद्वीप से केप ऑफ होर्मुज तक लगभग साढ़े छह घंटे तक तैराकी की। माना जा रहा है कि मौजूदा संघर्ष शुरू होने के बाद से इस जलडमरूमध्य में लंबी दूरी की तैराकी करने वाले वे पहले व्यक्ति हैं। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने बेहद डरावने दृश्य देखे, जिनमें विस्फोट, लड़ाकू विमानों की आवाजाही और जलते हुए टैंकरों से समुद्र की सतह पर फैलती आग शामिल थी।

प्यू ने बताया कैसा था मंजर

समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) से बात करते हुए लुईस प्यू ने उन जानलेवा खतरों के बारे में बताया जिनका सामना उन्हें इस दौरान करना पड़ा। उन्होंने बताया कि सोमवार को पानी में उतरने के कुछ ही मिनटों बाद उन्होंने दो जोरदार धमाके सुने और देखा कि लगभग चार किलोमीटर दूर एक तेल टैंकर पर हमला हो रहा है।

प्यू ने कहा, "विस्फोट बहुत भीषण थे, दो जोरदार धमाके हुए और फिर लड़ाकू विमान दिखाई दिए। उस पल मुझे एहसास हुआ कि हमें तुरंत वहां से निकल जाना चाहिए।" लगातार आने वाली बाधाओं और गंभीर खतरों के बावजूद प्यू ने तीन दिनों के दौरान कुल साढ़े छह घंटे की तैराकी पूरी की।

आसमान की ओर उठ रहे थे आग के गोले

अपनी तैराकी के दौरान प्यू एक ऐसे जहाज के पास से गुजरे जिस पर हमला हुआ था। उस दृश्य को याद करते हुए उन्होंने कहा, "मैं उस गैस वाहक जहाज के पास से गुजरने के अनुभव को कभी नहीं भूल पाऊंगा, वहां रसायनों की तीखी गंध थी और फिर वे लपटें, जो आग के गोलों की तरह आसमान की ओर उठ रही थीं। जहाज के चारों ओर का समुद्री पानी आग की लपटों में घिरा हुआ था।"

समुद्री जीवन के लिए दशकों तक न भरने वाला नुकसान

लुईस प्यू ने चेतावनी दी कि क्षतिग्रस्त या डूबे हुए तेल टैंकरों से होने वाला तेल रिसाव समुद्री जीवन, कोरल रीफ, मैंग्रोव वनों और तटीय क्षेत्रों के लिए विनाशकारी साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि युद्ध के कारण हुए पर्यावरणीय नुकसान से उबरने में कई साल या शायद कई दशक भी लग सकते हैं।

Updated on:
22 Nov 2026, 1:53 PM IST
Published on: