
सीरिया (Syria) के पश्चिमी दीर एज़-ज़ोर (Deir ez-Zor) प्रांत के आय्याश (Ayyash) कस्बे में आज, शुक्रवार, 18 सितंबर को एक धमाके का मामला सामने आया है। स्थानीय मीडिया ने इस बारे में जानकारी दी। दीर एज़-ज़ोर प्रांत के प्रशासन ने बताया कि यह धमाका इलाके में स्थित सीरियाई सेना के हथियारों के डिपो में हुआ।
स्थानीय मीडिया के अनुसार सीरिया के दीर एज़-ज़ोर प्रांत के अय्याश इलाके में स्थित सीरियाई सेना के हथियारों के डिपो में आज हुए धमाके में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
यह धमाका किस वजह से हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि मामले की जांच चल रही है और धमाके की वजह पता लगाने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि धमाके के बाद आपातकालीन टीमें, सिविल डिफेंस टीम, स्वास्थ्य निदेशालय, सुरक्षा बल और रक्षा मंत्रालय के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं तथा क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही स्थिति का आकलन भी कर रहे हैं।
सीरियाई सेना के हथियारों के डिपो में हुए इस धमाका के दौरान अंदर हथियारों समेत काफी गोला-बारूद मौजूद था। धमाके की वजह से इनमें आग लग गई। धमाके की आवाज़ दूर तक सुनाई दी, जिससे उस डिपो के आसपास रहने वाले लोगों में खलबली मच गई।
आय्याश कस्बा दीर एज़-ज़ोर शहर के पश्चिम में स्थित है। यह क़स्बा लंबे गृहयुद्ध और इस्मालिक स्टेट (ISIS) के खिलाफ संघर्ष के कारण यहाँ पहले भी सैन्य ठिकानों और हथियारों के डिपो में धमाकों के कई मामले देखने को मिले हैं। हाल ही में दमिश्क के ग्रामीण इलाके दमैर और इदलिब प्रांत के सरमदा के पास भी इसी तरह के विस्फोट हुए थे। सरमदा धमाके में कई लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे, जबकि दमैर में किसी की जान नहीं गई थी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दीर एज़-ज़ोर प्रांत गृहयुद्ध के अवशेषों, जैसे लैंडमाइंस, बिना फटे शेल्स और अन्य विस्फोटक पदार्थों से सबसे ज़्यादा प्रभावित क्षेत्रों में से एक है। इस प्रांत में किसान, चरवाहे और बच्चे रोजमर्रा की गतिविधियों के दौरान इनसे घायल होते रहते हैं।