विदेश

ताइवान के आसपास चीन की बढ़ी सैन्य हलचल, PLA के 3 विमान और PLAN के 5 जहाजों का पता चला

Taiwan China Tension: ताइवान के पास चीन ने फिर भेजे अपने लड़ाकू विमान और जंगपोत। ताइवान की सेना ने जताई चिंता और बढ़ाई चौकसी। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
• •
Sep 28, 2026
taiwan china tension
ताइवान के आसपास चीन के 244 जहाजों की मौजूदगी (फोटो सोर्स- ANI)

Taiwan Strait: ताइवान और उसके आसपास के समुद्री क्षेत्र में चीन की सैन्य गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने अपने क्षेत्र के आसपास चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के लड़ाकू विमानों और नौसेना के युद्धपोतों की नई घुसपैठ दर्ज की है। चीन की इस घेराबंदी को देखते हुए ताइवान की सेना पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रख रही है।

ताइवान की हवाई सीमा में घुसा चीन का विमान

ताइवान रक्षा मंत्रालय द्वारा साझा की गई ताजा जानकारी के अनुसार, द्वीप के रक्षा क्षेत्र के पास चीनी सेना के 3 विमान, नौसेना (PLAN) के 5 युद्धपोत और 4 अन्य सरकारी जहाजों की आवाजाही देखी गई। इनमें से एक लड़ाकू विमान ने ताइवान जलडमरूमध्य की 'मीडियन लाइन' को पार करते हुए उत्तरी एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन (ADIZ) में प्रवेश किया। इसके तुरंत बाद ताइवान के सैनिकों ने मोर्चा संभाला और चीन को करारा जवाब देने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी।

समुद्र में चीनी जहाजों का जमावड़ा और बढ़ा दबाव

ताइवान कोस्ट गार्ड प्रशासन के आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि चीन सिर्फ हवा में ही नहीं, बल्कि समुद्र में भी अपनी मौजूदगी का दायरा तेजी से बढ़ा रहा है। पिछले कुछ महीनों के दौरान ताइवान के समुद्री क्षेत्र में चीनी जहाजों की आवाजाही में काफी बढ़ोतरी हुई है। जहां मई में केवल 30 चीनी जहाज देखे गए थे, वहीं जून में यह संख्या बढ़कर 55 और उसके बाद के महीने में 244 तक पहुंच गई। ताइवान के आसपास औसतन हर दिन लगभग 8 चीनी जहाज गश्त लगा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या चीनी तटरक्षक बल की है। मई से अब तक 1,200 से अधिक चीनी जहाजों की मौजूदगी दर्ज की जा चुकी है, जो इलाके में ताइवान पर दबाव बनाने की बीजिंग की रणनीति को दर्शाती है।

अनुसंधान जहाजों के जरिए खुफिया मिशन की आशंका

सामरिक विशेषज्ञों और ताइवानी अधिकारियों ने बीजिंग के नागरिक 'रिसर्च जहाजों' (अनुसंधान पोतों) की बढ़ती आवाजाही को लेकर भी गहरी चिंता जताई है। विशेषज्ञों का मानना है कि चीन नागरिक अनुसंधान के बहाने समुद्र की गहराई और धाराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण डेटा जुटा रहा है, जिसका सीधा इस्तेमाल चीनी नौसेना अपने पनडुब्बी अभियानों (Submarine Warfare) में कर सकती है। ताइवान के कोस्ट गार्ड अधिकारियों ने लगातार गंभीर होती स्थिति पर सचेत करते हुए कहा है कि चीन इन अभियानों के जरिए ताइवान के समुद्री क्षेत्रों पर अपना एकतरफा दावा ठोकने और ताइपे पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है।

Updated on:
28 Sept 2026 08:34 am
Published on:
28 Sept 2026 07:45 am