विदेश

500 दिन तक किडनैपर की कैद में रही 15 साल की लड़की, Among Us गेम से मांगी मदद, एक ऑनलाइन दोस्त ने बचाई जान

Among Us Game: अमेरिका में 500 दिनों से अगवा 15 साल की किशोरी ने Among Us गेम के जरिए दूसरे बच्चे को अपने अपहरण की जानकारी दी। FBI की मदद से उसे ओरेगन में किडनैपर के घर से सुरक्षित बचाया गया।
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 10:11 AM IST
Among Us Game
18 महीने से अगवा किशोरी ने Among Us गेम के जरिए बचाई अपनी जान (फोटो सोर्स-@CultureCrave)

Utah Missing Girl: अमेरिका में 18 महीने से लापता एक किशोरी की तलाश का अंत बेहद अनोखे तरीके से हुआ। 15 साल की काइली अरेलानो को एक शख्स ने करीब 500 दिनों तक अपने घर में बंधक बनाकर रखा था। उसके पास न बाहर निकलने का रास्ता था और न ही किसी से संपर्क करने की आजादी। आखिरकार उसने ऑनलाइन गेम Among Us के जरिए दूसरे बच्चे को अपने अपहरण की जानकारी दी। बच्चे की मां ने FBI को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित बचा लिया।

ऑनलाइन गेम में दूसरे बच्चे से मांगी मदद

काइली अरेलानो अमेरिका के यूटा की रहने वाली हैं। मई 2025 में 39 वर्षीय एडम हंटर हार्मेल ने उनसे ऑनलाइन संपर्क किया था। उसने काइली को ओरेगन आने के लिए पैसे देने का प्रस्ताव दिया। 29 मई को हार्मेल उन्हें लेने यूटा के पेरी पहुंचा। काइली उसकी कार में बैठ गईं। इसके बाद आरोपी ने उनका मोबाइल फोन लोगान कैन्यन में नदी में फेंक दिया और उन्हें ओरेगन के हंटिंगटन स्थित अपने घर ले गया।

बेसमेंट में बंद रखता था आरोपी, करता था मारपीट

न्यूजवीक की रिपोर्ट के अनुसार, हार्मेल ने काइली को घर के बेसमेंट में बंद कर रखा था। वह उनके साथ मारपीट करता था और बाहर जाने नहीं देता था। आरोपी अपने तकिए के नीचे चाकू रखता था। उसने काइली को दीवार की तरफ मुंह करके सोने के लिए मजबूर कर रखा था, ताकि वह भाग न सकें। बाद में उसने काइली को एक ऐसा फोन दिया, जिसमें मोबाइल डेटा की सुविधा नहीं थी। वह सिर्फ वाई-फाई से इंटरनेट चला सकती थी।

Among Us गेम से खुला अपहरण का राज

इंटरनेट मिलने के बाद काइली ने Among Us गेम खेलना शुरू किया। यह एक मल्टीप्लेयर गेम है, जिसमें खिलाड़ी अंतरिक्ष यान को ठीक करने की कोशिश करते हैं और गुप्त गद्दारों की पहचान करते हैं। अक्टूबर के बीच में गेम खेलते हुए उनकी बातचीत एक दूसरे बच्चे से शुरू हुई। बाद में दोनों दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी बात करने लगे। इसी दौरान काइली ने उसे बताया कि उन्हें हार्मेल ने अपने घर में बंधक बना रखा है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि पुलिस ने उनकी तलाश बंद कर दी है।

दूसरे बच्चे की मां ने FBI को दी सूचना

काइली की बात सुनने के बाद दूसरे बच्चे की मां ने मामले को गंभीरता से लिया और FBI को इसकी जानकारी दी। इसके बाद 1 नवंबर को FBI ने काइली के साथ वीडियो कॉल की व्यवस्था की। इस दौरान उन्होंने अपने अपहरण और हार्मेल के साथ हुई पूरी घटना के बारे में बताया।

पुलिस ने घर पहुंचकर किशोरी को बचाया

जानकारी मिलने के बाद ओरेगन स्टेट पुलिस और संघीय एजेंसियों ने कार्रवाई की। 1 नवंबर को अधिकारियों ने हार्मेल के घर से काइली को सुरक्षित बाहर निकाला और मेडिकल जांच के लिए भेजा। वहीं, हार्मेल को ट्रैफिक चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। उसके घर से कुछ ऐसी चीजें भी बरामद हुईं, जो काइली के बयान के कुछ हिस्सों की पुष्टि करती थी।

FBI डायरेक्टर ने दी रेस्क्यू की जानकारी

FBI डायरेक्टर काश पटेल ने किशोरी को सुरक्षित बचाए जाने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि ओरेगन की स्थानीय पुलिस ने FBI के साल्ट लेक सिटी फील्ड ऑफिस से मिली जानकारी के आधार पर डेढ़ साल से लापता नाबालिग को सुरक्षित बचाया। हार्मेल पर किशोरी का शोषण करने के इरादे से उसे एक राज्य से दूसरे राज्य ले जाने का आरोप लगाया गया है।

Updated on:
7 Nov 2026, 10:11 AM IST
Published on: