अफगानिस्तान में मूसलाधार बारिश और बाढ़ की वजह से नांगरहार में हाहाकार मच गया है। इससे जान-माल का भी नुकसान हो रहा है।
पाकिस्तान (Pakistan) में इस समय मानसून कहर बरपा रहा है, लेकिन उसके पड़ोसी देश अफगानिस्तान (Afghanistan) में भी कई हिस्सों में ऐसी ही स्थिति है। अफगानिस्तान में कई जगह इस समय मानसून जमकर बरस रहा है। पूर्वी अफगानिस्तान के नांगरहार (Nangarhar) प्रांत में कई जगह मूसलाधार बारिश की वजह से लोगों के हाल बेहाल हो गए हैं। शुक्रवार को रोदत, हस्का मीना और चपरहार ज़िलों में इस वजह से बाढ़ आ गई।
अफगानिस्तान की सरकारी मीडिया एजेंसी ने आज, शनिवार, 30 अगस्त को जानकारी देते हुए बताया कि नांगरहार प्रांत के रोदत, हस्का मीना और चपरहार ज़िलों में मूसलाधार बारिश की वजह से आई बाढ़ के कारण 5 लोगों की मौत हो गई।
मूसलाधार बारिश और बाढ़ की वजह से प्रभावित इलाकों में 8 लोग घायल भी हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
नांगरहार प्रांत के रोदत, हस्का मीना और चपरहार ज़िलों में मूसलाधार बारिश की वजह से आई बाढ़ से सिर्फ जान का ही नहीं, बल्कि माल का भी नुकसान हुआ। सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार बाढ़ के कारण हज़ारों एकड़ कृषि भूमि, सड़कों के कुछ हिस्से और कई जल नहरें तबाह हो गई हैं। कुछ हफ़्ते पहले पूर्वी लोगार और परवान प्रांतों में भी अचानक आई बाढ़ से भी जान-माल का नुकसान हुआ था।