
रूस (Russia) में आज, शनिवार, 24 अक्टूबर को एक ट्रेन और मिनीबस की टक्कर हो गई। यह हादसा दूर के पूर्वी यहूदी स्वायत्त ओब्लास्ट में हुआ। बिरोबिद्जान के पास निकोलायेवका-देझनेवका रेलवे सेक्शन पर यह हादसा तक हुआ जब मिनीबस ने रेड लाइट के बावजूद रेलवे क्रॉसिंग पार करने की कोशिश की और इसी दौरान ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी।
रूस में ट्रेन और मिनीबस की इस टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में मारे गए सभी लोग बस में ही सवार थे। एक व्यक्ति इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। ट्रेन के यात्री और चालक दल में से कोई भी इस हादसे में चोटिल नहीं हुआ। बस से टक्कर के बावजूद ट्रेन पटरी से नहीं उतरी। हालांकि टक्कर की वजह से रेलवे यातायात पर ज़रूर असर पड़ा, लेकिन करीब 37 मिनट बाद उसे बहाल कर दिया गया।
ट्रेन खाबरोवस्क से ब्लागोवेशेंस्क जा रही थी। मिनीबस को देखने के बाद ट्रेन के ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोकने की कोशिश की, जिससे हादसे को टाला जा सके, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। कम दूरी होने की वजह से ट्रेन को नहीं रोका जा सका और वो सीधी जाकर मिनीबस से जा टकराई।
बस ड्राइवर की लापरवाही और रेड लाइट का उल्लंघन करने की वजह से यह हादसा हुआ। उसकी गलती 6 लोगों की मौत की वजह बनी। इस तरह के हादसे अक्सर रेलवे क्रॉसिंग पर नियमों के उल्लंघन के कारण देखने को मिलते हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि मिनीबस में सवार यात्री विदेशी नागरिक थे। हालांकि उनकी नागरिकता की जानकारी नहीं दी गई है। यह हादसा भले ही रूस के सुदूर इलाके में हुआ जो कम आबादी वाला क्षेत्र है, लेकिन फिर भी ट्रेन और मिनीबस की टक्कर गंभीर विषय है। अधिकारियों ने सुरक्षा उपायों पर जोर दिया है।