
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Nvidia के तत्कालीन CEO जेन्सेन हुआंग को पद छोड़ने से पहले फोन किया था। इस दौरान ट्रंप ने हुआंग को पद छोड़ने से पहले अपनी कुर्सी बचाने के लिए संघर्ष जारी रखने की सलाह दी थी। द न्यूयॉर्क टाइम्स ने एक रिपोर्ट में यह दावा किया है। इस बातचीत की जानकारी रखने वाले दो लोगों के हवाले से यह खबर दी गई है।
दरअसल, यह फोन कॉल ऐसे समय हुआ, जब हुआंग के निजी जीवन से जुड़े विवाद के बाद Nvidia में उनके नेतृत्व को लेकर सवाल उठने लगे थे। रिपोर्ट में कारोबारी महिला एलिस हुआंग के साथ उनके कथित संबंधों का भी जिक्र किया गया है।
बता दें कि जेन्सेन हुआंग ने गुरुवार को Nvidia के अध्यक्ष, CEO और बोर्ड सदस्य के पद से इस्तीफा दे दिया। कंपनी ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। कंपनी के मुताबिक, नए स्थायी CEO की नियुक्ति होने तक CFO कोलेट क्रेस अंतरिम CEO की जिम्मेदारी संभालेंगी।
गौरतलब है कि 8 नवंबर को हुआंग ने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की बात स्वीकार की थी। हालांकि, उन्होंने अपने कथित संबंधों के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी थी।
हुआंग के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने Nvidia के अगले CEO के रूप में Apple के प्रमुख टिम कुक का नाम सुझाया। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा- अब जबकि Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग ने इस्तीफा दे दिया है, जिन्होंने शानदार काम किया है, तो उनकी जगह लेने के लिए सिर्फ एक ही व्यक्ति है- Apple के टिम कुक। एक दिग्गज की जगह दूसरा दिग्गज!
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को ब्रॉडकास्टर स्टीफन ए स्मिथ को दिए एक इंटरव्यू में जेन्सेन हुआंग की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि Nvidia ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वे असाधारण हैं।
ट्रंप ने बताया कि उनकी हुआंग से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने कहा कि मैंने उनसे कल बात की थी। वह बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं।
ट्रंप के मुताबिक इस पूरे विवाद से हुआंग को सबसे ज्यादा दुख अपनी पत्नी और परिवार को लेकर है। ट्रंप ने कहा, "उन्हें सबसे ज्यादा अफसोस अपनी पत्नी और परिवार को लेकर है। उन्होंने मुझसे यही कहा था। उन्होंने मुझे फोन किया था।
इस बीच, अमेरिकी न्याय विभाग ने स्पष्ट किया है कि उसने अभी तक यह निष्कर्ष नहीं निकाला है कि एलिस हुआंग चीन के लिए जासूसी कर रही थीं या नहीं।
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि FBI उन खबरों की जांच कर रही है, जिनमें एलिस हुआंग के चीनी सरकार के लिए काम करने का दावा किया गया है।
समाचार एजेंसी Reuters के मुताबिक, ब्लैंच ने कहा कि FBI निश्चित रूप से इन रिपोर्टों की जांच कर रही है। हालांकि, न्याय विभाग ने अभी तक एलिस हुआंग को चीनी जासूस घोषित नहीं किया है।