
Trump Putin Ukraine Peace Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए शांति समझौता करने के इच्छुक हैं, लेकिन पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के बीच गहरी निजी दुश्मनी को उन्होंने कूटनीतिक प्रयासों में सबसे बड़ी बाधा बताया।
डलास, टेक्सास में रिपब्लिकन मध्यावधि सम्मेलन के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने पुतिन के साथ हुई हालिया फोन कॉल का ब्योरा साझा करते हुए कूटनीतिक समाधान को लेकर उम्मीद जताई। ट्रंप ने कहा कि पुतिन के साथ उनकी बहुत अच्छी बातचीत हुई और पुतिन समझौता करना चाहते हैं, और अगर जेलेंस्की भी समझौता करना चाहें तो यह बहुत अच्छा होगा।
सफलता में आ रही बाधा के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने सीधे तौर पर मॉस्को और कीव के बीच गहरी दुश्मनी की ओर इशारा किया और कहा कि रुकावट दरअसल दो ऐसे नेताओं के बीच की व्यक्तिगत नफरत की वजह से है।
उन्होंने अपने वार्ता के अनुभव का हवाला देते हुए भरोसा जताया कि दोनों पक्ष लंबे संघर्ष से थक चुके हैं और समझौते की जमीन तैयार हो रही है। साथ ही ट्रंप ने खुद, पुतिन और जेलेंस्की के बीच सीधी त्रिपक्षीय बैठक की संभावना से भी इनकार नहीं किया और कहा कि पिछले महीने युद्ध में करीब 25 हजार लोगों की मौत हुई है।
रूसी समाचार एजेंसी TASS के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने फाइनेंशियल टाइम्स को बताया कि पुतिन-ट्रंप की फोन बातचीत में अमेरिकी वार्ता टीम के संभावित पुनर्गठन पर भी चर्चा हुई। रिपोर्ट के मुताबिक व्हाइट हाउस फरवरी से ही अपनी कूटनीतिक मध्यस्थता टीम में बदलाव पर विचार कर रहा है, जिसमें विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और सलाहकार जेरेड कुशनर की भूमिका घटाकर CIA प्रमुख जॉन रैटक्लिफ की जिम्मेदारी बढ़ाने का प्रस्ताव शामिल है। पेसकोव ने पुतिन और रैटक्लिफ के बीच बैठक रद्द होने की खबरों को भी खारिज करते हुए कहा कि ऐसी कोई बैठक तय ही नहीं हुई थी।
इसी बीच अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति के दामाद जेरेड कुशनर ने युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार कीव का दौरा किया। CNN के मुताबिक अमेरिकी प्रतिनिधियों ने यूक्रेनी अधिकारियों से अहम बातचीत के बाद कीव और मॉस्को दोनों से बातचीत की मेज पर लौटने का आग्रह किया।
कुशनर ने त्रिपक्षीय वार्ता फॉर्मेट को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इससे अमेरिका को किसी भी पक्ष की ओर से बोलने की जरूरत नहीं पड़ती। यह मुलाकात 5 सितंबर को मॉस्को में विटकॉफ-कुशनर की पुतिन के साथ हुई गहन बैठक के बाद हुई। हालांकि रविवार की वार्ता से कोई बड़ी सफलता सामने नहीं आई, पर विटकॉफ ने अच्छे समाधान की उम्मीद जताई।