
Sean Cairncross Fired: अमेरिका में हाल के दिनों में विमानन, बैंकिंग, ई-कॉमर्स और सरकारी संचार प्रणालियों में आई बड़ी तकनीकी रुकावटों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े जोखिमों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच ट्रंप प्रशासन ने एक बड़ा बदलाव किया है। समाचार एजेंसी AFP की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस के करीबी सूत्रों ने बताया है कि देश के नेशनल साइबर डायरेक्टर शॉन केर्नक्रॉस को उनके पद से हटा दिया गया है।
बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस फैसले का पूरा समर्थन किया, क्योंकि उनका मानना था कि केर्नक्रॉस के पास इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए जरूरी योग्यता नहीं थी। उनकी जगह अब रक्षा विभाग की मुख्य सूचना अधिकारी (CIO) कर्स्टन डेविस को कार्यवाहक नेशनल साइबर डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।
यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब पिछले कुछ हफ्तों में अमेरिका को कई बड़ी तकनीकी रुकावटों का सामना करना पड़ा है। इन घटनाओं ने देश के महत्वपूर्ण डिजिटल बुनियादी ढांचे की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इनसे हवाई यात्रा, संचार, बैंकिंग और ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
इनमें माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक सेवाओं में रुकावट, यूनाइटेड एयरलाइंस में तकनीकी दिक्कतें, बैंकिंग सेवाओं में व्यवधान और नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) के आंतरिक संचार नेटवर्क पर असर जैसी प्रमुख घटनाएं शामिल हैं। पिछले हफ्ते फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) को भी पूरे देश में विमानों की उड़ानें रोकनी पड़ीं, जिससे हवाई यातायात बुरी तरह बाधित हुआ।
हालांकि, अमेरिकी खुफिया विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी ने कांग्रेस को बताया है कि ये रुकावटें किसी सुनियोजित या विदेशी साइबर हमले का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि ये मेंटेनेंस और तकनीकी अपडेट से जुड़ी अलग-अलग घटनाएं हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने भी जनता की चिंताओं को दूर करने की कोशिश की और इन्हें केवल तकनीकी खामियां बताया, जिनका आपस में कोई संबंध नहीं है।
नेशनल साइबर डायरेक्टर के रूप में शॉन कर्नक्रॉस अमेरिकी फेडरल सरकार की साइबर सुरक्षा नीति और रणनीति के लिए जिम्मेदार थे। व्हाइट हाउस में आने से पहले उन्होंने रिपब्लिकन नेशनल कमेटी (RNC) के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) के रूप में और राष्ट्रपति ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान एक वरिष्ठ सलाहकार के रूप में काम किया था।
रिपोर्टों के अनुसार, उन्हें उनके पद से हटाने का निर्णय आउटेज और AI सुरक्षा मुद्दों को लेकर हुए आंतरिक मतभेदों तथा साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में तकनीकी पृष्ठभूमि न होने को लेकर जताई गई चिंताओं के कारण लिया गया था। अपने पद से हटने के बाद जारी एक बयान में कर्नक्रॉस ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में देश की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान था।
शॉन केर्नक्रॉस की जगह लेने वाली कर्स्टन ए. डेविस के पास कॉर्पोरेट और सरकारी दोनों क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा का अनुभव है। 23 दिसंबर 2025 को उन्होंने अमेरिकी रक्षा विभाग के चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर (CIO) के रूप में शपथ ली थी। इस भूमिका में वह सूचना प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा और डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से जुड़े मामलों पर रक्षा सचिव की मुख्य सलाहकार के रूप में कार्य करती हैं।
सरकारी सेवा में आने से पहले डेविस ने यूनिलीवर में चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर (CISO) के रूप में काम किया था। इसके अलावा उन्होंने एस्टी लॉडर, बार्कलेज अफ्रीका ग्रुप, हेवलेट पैकार्ड एंटरप्राइज (HPE) और सीमेंस जैसी बड़ी कंपनियों में साइबर सुरक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वरिष्ठ पदों पर काम किया है। उन्होंने इंस्टीट्यूट फॉर साइबर नामक एक गैर-लाभकारी संगठन की भी स्थापना की, जो नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा के लिए समर्पित है।