
अमेरिका में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। ईरान में सैन्य कार्रवाई को लेकर उन पर गैरकानूनी आदेश लागू करने और कांग्रेस की मंजूरी के बिना सैन्य अभियान चलाने के आरोप लगे हैं। इस बीच उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश किया गया है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो खुलकर हेगसेथ के समर्थन में उतर आए हैं।
केंटकी से रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने प्रतिनिधि सभा में पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव पेश किया हैं। मैसी का आरोप है कि रक्षा मंत्री ने ईरान में युद्ध की स्थिति पैदा करने के लिए जानबूझकर गैरकानूनी आदेशों को लागू किया। साथ ही यह भी आरोप है कि उन्होंने किसी भी सैन्य कार्रवाई से पहले अमेरिकी कांग्रेस (संसद) से आवश्यक अनुमति नहीं ली थी। बताया जा रहा है कि मैसी रिपब्लिकन पार्टी के प्राइमरी चुनाव में हार गए थे, जिसके बाद से वह नाराज चल रहे हैं।
इन तमाम विरोधों और आरोपों के बीच पीट हेगसेथ पूरी तरह बेपरवाह नजर आ रहे हैं। पिछले सप्ताह ही उन्होंने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए महाभियोग के इन सभी प्रस्तावों को एक 'राजनीतिक नाटक' बता दिया था। उन्होंने कहा था कि वह अपना पद छोड़ने वाले बिल्कुल नहीं हैं। इसके अलावा, हेगसेथ ने प्रस्ताव लाने वाले सांसद थॉमस मैसी पर निशाना साधते हुए उन्हें 'नाराज सांसद' तक कह दिया, क्योंकि मैसी हाल ही में रिपब्लिकन पार्टी के प्राइमरी चुनाव में जीत हासिल करने में असफल रहे थे।
महाभियोग को लेकर होने वाली वोटिंग प्रक्रिया से पहले रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के लिए राहत की खबर यह है कि उन्हें देश के शीर्ष नेतृत्व का मजबूत समर्थन मिल रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपनी टीम के सहयोगी पर पूरा भरोसा जताया है और वह मजबूती से हेगसेथ के साथ खड़े हैं। वहीं, विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने महाभियोग लाने की तमाम कोशिशों को पूरी तरह अनुचित बताया है। रुबियो ने सार्वजनिक रूप से पीट हेगसेथ की तारीफ करते हुए उन्हें एक अच्छा रक्षा मंत्री बताया है।