
Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ चल रहा संघर्ष जल्द ही खत्म हो सकता है। उन्होंने कहा कि सैन्य रूप से यह टकराव लगभग समाप्त हो चुका है और तेहरान के साथ बातचीत अच्छी दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि, ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर जरूरत पड़ी, तो अमेरिकी सेना फिर से सैन्य कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है। दूसरी ओर, ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रजाई ने अमेरिका पर बातचीत को लेकर फर्जी खबरें फैलाने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान की सात शर्तें मान ले और आत्मसमर्पण कर दे।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि टकराव को खत्म करने की दिशा में प्रगति हो रही है और उन्हें विश्वास है कि यह बहुत जल्द समाप्त हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि ईरान अमेरिका से संपर्क कर रहा है और बातचीत में काफी सुलझा हुआ रुख अपना रहा है। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका फिलहाल संयम बरत रहा है, ताकि उसके क्षेत्रीय सहयोगियों और पड़ोसी देशों की सुरक्षा बनी रहे।
हालांकि, ट्रंप ने टकराव खत्म होने के लिए कोई निश्चित समय-सीमा नहीं बताई। उन्होंने कहा कि वह इसकी गारंटी नहीं दे सकते, लेकिन अगर दोबारा सैन्य कार्रवाई की जरूरत पड़ी तो अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है।
मध्य पूर्व में अमेरिकी सेना की मौजूदगी का जिक्र करते हुए ट्रंप ने बताया कि एहतियात के तौर पर इस क्षेत्र में एक और एयरक्राफ्ट कैरियर भेजा गया है। उनके अनुसार, अब इस इलाके में तैनात अमेरिका के तीन एयरक्राफ्ट कैरियर पूरी तरह से युद्ध के लिए तैयार हैं, हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि इनके इस्तेमाल की नौबत ही नहीं आएगी। अमेरिकी सेना की क्षमताओं का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि देश के पास बेहतरीन सैन्य उपकरण हैं और उसकी सेना किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से कहा कि किसी भी परिस्थिति में ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने इसे अमेरिका की एक ऐसी शर्त बताया, जिस पर कोई बातचीत या समझौता नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि अमेरिका का मकसद सिर्फ मौजूदा संघर्ष को रोकना नहीं है, बल्कि एक ऐसा समाधान निकालना है जिससे भविष्य में ईरान परमाणु हथियार हासिल न कर सके।
दूसरी ओर, ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेज़ाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रंप प्रशासन के सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया। रेज़ाई ने आरोप लगाया कि वाशिंगटन संभावित बातचीत के बारे में मनगढ़ंत कहानियां बनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फर्जी खबरें फैला रहा है। उन्होंने अमेरिकी नेतृत्व के रवैये की तुलना एक ऐसे जुआरी से की, जो अपनी चालें उलटी पड़ने के बावजूद अपनी हार छिपाने की नाकाम कोशिश करता है। उन्होंने अमेरिका को चेतावनी दी कि वह अब पीछे हट जाए और पश्चिम एशिया में उभर रहे शक्ति के नए संतुलन को स्वीकार कर ले।
ईरानी सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रेज़ाई ने कहा कि अगर अमेरिका सच में इस लंबे टकराव को खत्म करना चाहता है, तो उसे तेहरान द्वारा रखी गई सात बुनियादी शर्तों को मानकर आत्मसमर्पण करना होगा। तेहरान का रुख साफ है कि जब तक अमेरिका इस क्षेत्र में अपनी सैन्य आक्रामकता, प्रतिबंधों और संप्रभुता के उल्लंघन को पूरी तरह से बंद नहीं करता, तब तक किसी भी एकतरफा समझौते की कोई गुंजाइश नहीं है।