
USA Trade Tariff Policy: अमरीका इस साल भारी मंदी की ओर बढ़ रहा है। ओईसीडी ने मंगलवार को अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि 2025 में अमरीका की जीडीपी ग्रोथ 2.8% से घटकर 1.6% रह जाएगी और 2026 में यह और गिरकर 1.5% पर आ जाएगी। इसका सबसे बड़ा कारण ट्रंप की ट्रेड पॉलिसी और उनकी ओर से लगाए गए भारी-भरकम टैरिफ को बताया गया है। ओईसीडी के मुताबिक, ट्रंप ने इंपोर्ट पर औसत टैरिफ दर को 2.5% से बढ़ाकर 15.4% कर दिया है, जो 1938 के बाद सबसे ज्यादा है। इससे न सिर्फ अमेरिकी लोगों को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है, बल्कि आयातित कच्चे माल पर निर्भर कंपनियों के लिए भी लागत बढ़ गई है।
वैश्विक अर्थव्यवस्था भी ट्रंप की ट्रेड वॉर की मार झेल रही है। ओईसीडी का अनुमान है कि 2024 में 3.3% रही वैश्विक ग्रोथ 2025 और 2026 में घटकर 2.9% हो जाएगी। चीन 2025 में 4.7% और 2026 में 4.3% की ग्रोथ दर्ज करेगा, जो पिछले साल के 5% से कम है। यूरोपीय देशों में 2025 में 1% और 2026 में 1.2% की ग्रोथ रह सकती है। वहीं भारतीय अर्थव्यवस्था 2025-26 में दुनियाभर में सबसे तेज 6.3% की दर से विकास करेगी।
ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विस कंपनी यूबीएसी ने 2025-26 के लिए भारत की रियल जीडीपी ग्रोथ रेट का अनुमान 6% से बढ़ाकर 6.4% कर दिया है। मार्च 2025 तिमाही में आर्थिक गतिविधियों में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन और लचीलापन देखते हुए यूबीएस ने यह वृद्धि की है। मांग में मजबूती, व्यापार तनाव में नरमी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण यूबीएसी ने जीडीपी ग्रोथ रेट अनुमान को संशोधित किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छे मानसून और खाद्य पदार्थों की कम कीमतों के चलते घरेलू खर्च में सुधार होगा। शहरी मांग में भी सुधार की संभावना है।