19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / World / ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग की मुलाकात से क्यों उठी ‘याल्टा 2.0’ की चर्चा, जाने पहले सम्मेलन में क्या हुआ था तय

ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग की मुलाकात से क्यों उठी ‘याल्टा 2.0’ की चर्चा, जाने पहले सम्मेलन में क्या हुआ था तय

ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की मुलाकात को ‘याल्टा 2.0’ क्यों कहा जा रहा है? जानिए 1945 के याल्टा सम्मेलन का इतिहास और कैसे महाशक्तियों के फैसले बदल सकते हैं दुनिया की राजनीतिक व्यवस्था।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Ashib Khan

•

Updated: 19 Nov 2026, 3:21 PM IST

Trump Putin Xi Ukraine war talks

शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन और ट्रंप ने की मुलाकात (Photo-IANS)

द्वितीय विश्व युद्ध के अंतिम दौर में फरवरी 1945 में अमेरिका, ब्रिटेन और सोवियत संघ के नेताओं ने याल्टा में मुलाकात की थी। इस बैठक में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप की राजनीतिक व्यवस्था और दुनिया के भविष्य की रूपरेखा तय करने पर सहमति बनी थी। उस समय लिए गए फैसलों ने 20वीं सदी की बाकी अवधि की वैश्विक व्यवस्था को आकार दिया। इसी वजह से याल्टा बड़े व्यक्तित्वों के बीच महाशक्तियों की सौदेबाज़ी वाले दौर का पर्याय बन गया।

गुरुवार को चीन के शेनझेन शहर में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मुलाकात की।  युद्धों, जलवायु परिवर्तन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उदय से घिरे अनिश्चित भू-राजनीतिक दौर में हो रही इस बैठक को विश्लेषकों द्वारा ‘याल्टा 2.0’ कहा जा रहा है। 

वहीं तीन देशों के नेताओं की बैठक ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका और रूस युद्धों में उलझे हुए है। इसके अलावा चीन खुद को वैश्विक स्थिरता और नए अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था के समर्थक के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है। 

दूसरी ओर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की समेत कई नेताओं ने आशंका जताई है कि कहीं दुनिया की बड़ी ताकतें छोटे देशों की संप्रभुता की अनदेखी करते हुए दुनिया को अपने-अपने प्रभाव क्षेत्रों में बांटने की कोशिश तो नहीं कर रही हैं।

याल्टा सम्मेलन से पहले क्या थे हालात?

सितंबर 1939 में द्वितीय विश्व युद्ध की शुरुआत हुई थी। जर्मनी के तानाशाह हिटलर के नेतृत्व में नाजी सेना ने पोलैंड पर हमला किया। इसके जवाब में ब्रिटेन और फ्रांस ने जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा कर दी।

इसके बाद धीरे-धीरे इटली और जापान भी जर्मनी के साथ आ गए और इस तरह धुरी राष्ट्रों (एक्सिस पावर्स) का गठन हुआ। इन देशों ने यूरोप, एशिया और उत्तरी अफ्रीका में युद्ध के नए मोर्चे खोल दिए।

सोवियत संघ ने उस समय जर्मनी के साथ अनाक्रमण संधि कर रखी थई, लेकिन जून 1941 में हिटलर की सेना ने सोवियत क्षेत्र पर हमला कर दिया। इसके बाद सोवियत संघ भी जर्मनी के खिलाफ मित्र राष्ट्रों के साथ खड़ा हो गया।

अमेरिका, ब्रिटेन और सोवियत संघ के नेताओं ने नवंबर 1943 में तेहरान सम्मेलन में मुलाकात की। इस बैठक में यूरोप और प्रशांत क्षेत्र में युद्ध की आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।

याल्टा में क्या तय हुआ था

यूरोप में फरवरी 1945 तक हालात पूरी तरह बदल चुके थे। अमेरिका और ब्रिटेन की सेनाएं फ्रांस और बेल्जियम को नाजी कब्जे से मुक्त करा चुकी थीं और जर्मनी की पश्चिमी सीमा तक पहुंच गई थीं।

वहीं युद्ध में मित्र राष्ट्रों की जीत लगभग तय दिखाई दे रही थी। ऐसे में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट, ब्रिटेन के तत्कालीन प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल और सोवियत संघ के नेता जोसेफ स्टालिन ने फरवरी 1945 में याल्टा में मुलाकात की।

याल्टा में मित्र देशों ने तय किया कि युद्ध की धूल बैठने के बाद उत्तरी गोलार्ध कैसा दिखेगा। सोवियत संघ के नेता स्टालिन जापान के खिलाफ लड़ाई में शामिल होने के लिए राजी हो गए, इसके बदले में उन्हें उत्तरी प्रशांत में इलाका मिलना था। 

बैठक में तीनों नेताओं के बीच जर्मनी को हार के बाद चार सैन्य कब्जे वाले इलाकों में बांटने पर सहमति बनीं। इन पर अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस और सोवियत संघ का नियंत्रण होगा।

इस बैठक में तीनों नेताओं के बीच संयुक्त राष्ट्र के गठन को लेकर भी एक अहम सहमति बनी। स्टालिन ने सोवियत संघ की संयुक्त राष्ट्र में भागीदारी पर सहमति जताई। हालांकि, उन्होंने सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों को वीटो का अधिकार दिए जाने की मांग की।

क्या ‘याल्टा’ की छवि अतिरंजित है?

कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में 20वीं सदी की कूटनीति के विशेषज्ञ इतिहास के प्रोफेसर डेविड रेनॉल्ड्स का कहना है कि याल्टा में तय हुई बातों को बढ़ा-चढ़ाकर नहीं देखना चाहिए।

उनके मुताबिक, याल्टा एक बदनाम शब्द है, जो कई लोगों के मन में यूरोप के बंटवारे और स्टालिन के आगे समर्पण की तस्वीर बनाता है। लेकिन यह कुछ हद तक सरलीकरण है। उन्होंने कहा कि युद्धोत्तर यूरोप का फैसला सम्मेलन की मेज पर नहीं, युद्ध के मैदान में हुआ।

क्या शेनझेन सम्मेलन भी बदल सकता है दुनिया की तस्वीर?

दरअसल, याल्टा सम्मेलन का इतिहास बताता है कि जब दुनिया की बड़ी ताकतें एक साथ बैठती हैं, तो उनके फैसलों का असर केवल उनके अपने देशों तक सीमित नहीं रहता। कई बार छोटे देशों की सुरक्षा, संप्रभुता और भविष्य भी इन बैठकों के नतीजों से प्रभावित होता है।

यही वजह है कि ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की प्रस्तावित त्रिपक्षीय बैठक को लेकर ‘याल्टा 2.0’ की चर्चा हो रही है।

हालांकि, दोनों सम्मेलनों के बीच परिस्थितियां और अंतर्राष्ट्रीय राजनीतिक समीकरण अलग हैं। फिर भी सबसे बड़ा सवाल वही है- क्या दुनिया की बड़ी ताकतें वैश्विक शांति और स्थिरता के नाम पर अपने-अपने प्रभाव क्षेत्र तय करने की कोशिश कर रही हैं?

अगर ऐसा होता है, तो इसका सबसे बड़ा असर उन देशों पर पड़ सकता है जो खुद को इन महाशक्तियों के बीच फंसा हुआ पाते हैं।