1918 में डूबे इस जहाज में इन नोटों की पूरी खेप के साथ मुरब्बे से लेकर गोला-बारूद तक का सामान लंदन से मुंबई भेजी जा रही थी। लेकिन रास्ते में इसे एक जर्मन यू-बोट (पनडुब्बी) ने डुबा दिया था।
साल 1918 में लंदन से मुंबई जाते समय समंदर में एक जहाज डूब गया था। जब उसका मलबा ढूंढकर निकाला गया तो उस पर भारत के 10 रुपए के दो नोट (Indian Banknote) मिले थे। अब इन्हीं भारतीय नोटों को लंदन में नीलाम किया जाएगा। ये नीलामी 29 मई को होगी। समंदर में डूबे इस जहाज का नाम SS-शिराला था। इन नोटों पर 25 मई, 1918 की तारीख छपी हुई है। लंदन में नूनन्स मेफेयर नीलामी घर अपनी ‘विश्व बैंकनोट’ बिक्री के तहत इन नोटों को बोली लगाने के लिए पेश करेगा। अंदाजा लगाया है कि इनकी कीमत 2,000 से 2,600 पाउंड यानी करीब साढ़े 5 लाख रुपए तक रहेगी।
बता दें कि इस जहाज को 2 जुलाई, 1918 को एक जर्मन यू-बोट (पनडुब्बी) ने डुबा दिया था। नूनन्स में मुद्राशास्त्र से जुड़े मामलों की वैश्विक प्रमुख थॉमसिना स्मिथ ने कहा कि तब जहाज में इन नोटों की पूरी खेप के साथ मुरब्बे से लेकर गोला-बारूद तक का सामान लंदन से मुंबई भेजी जा रही थी। उन्होंने कहा कि कई नोट तैरकर किनारे पर आ गए, जिनमें बिना हस्ताक्षर वाले पांच और 10 रुपए के नोट (Indian Banknote) और एक रुपए के साइन वाले नोट शामिल थे। इनमें से एक रुपये का एक नोट इस नीलामी में भी शामिल है। ज्यादातर नोट को बरामद कर लिया गया और बाद में सरकार ने इन्हें नष्ट करा दिया गया और उनकी जगह पर नए नोट छापे गए। लेकिन कुछ नोट निजी लोगों के पास रह गए।’’
स्मिथ के मुताबिक उन्होंने इस तरह के नोट पहले कभी नहीं देखे हैं। इन नोटों के बारे में ‘बैंक ऑफ इंग्लैंड’ ने सोशल मीडिया पर 1918 में जहाज के डूबने की घटना में जिक्र किया था। उन्होंने कहा कि ये नोट बहुत ही अच्छी स्थिति में हैं। वे निश्चित तौर पर नोट की गड्डी के मध्य में रहे होंगे जिससे वह समुद्री पानी में भीग नहीं पाए। चौंकाने वाली बात ये भी है कि नोटों पर छपे नंबर दो क्रमागत (लगातार) संख्याएं हैं।
इस नीलामी में ब्रिटिश उपनिवेश के दौरान तत्कालीन भारत सरकार के 100 रुपए के एक दुर्लभ नोट को भी बिक्री के लिए रखा जाएगा। इसके 4,400 से 5,000 पाउंड के बीच बिकने का अनुमान है। इस नोट के पिछले हिस्से पर बांग्ला और हिंदी समेत कई भारतीय भाषाओं में 100 रुपए मुद्रित है।