विदेश

फिलीपींस में 188 जान लेने के बाद 205 किलोमीटर/घंटे की रफ्तार से वियतनाम पहुंचा कालमेगी तूफान, 5 लोगों की मौत

Typhoon Kalmaegi: फिलीपींस में तबाही मचाने और 188 लोगों की जान लेने के बाद अब कालमेगी तूफान वियतनाम पहुंच चुका है। इस खतरनाक तूफान का वियतनाम में लैंडफॉल होते ही हड़कंप मच गया।

less than 1 minute read
Nov 07, 2025
Typhoon Kalmaegi in Vietnam
Typhoon Kalmaegi in Vietnam (Photo - Weather Monitor on social media)

कालमेगी तूफान (Typhoon Kalmaegi) की वजह से फिलीपींस (Philippines) में तबाही मच गई है। इस चक्रवातीय तूफान ने फिलीपींस में 188 लोगों की जान ले ली। 135 लोग अभी भी लापता है, जिनकी तलाश जारी है। ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। करीब 100 लोग इस चक्रवातीय तूफान के कारण घायल हो गए, जिनमें से कई लोग इलाज के लिए अभी भी अस्पतालों में भर्ती हैं। कई घर इस खतरनाक तूफान की वजह से तबाह हो गए, बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हो गए, कई इमारतों को भी नुकसान पहुंचा, जगह-जगह पानी-कीचड़ भर गया, बड़ी संख्या में मवेशी मारे गए, फसलों को नुकसान पहुंचा। फिलीपींस के लिए कालमेगी तूफान इस साल का सबसे घातक तूफान रहा।

वियतनाम पहुंचा कालमेगी तूफान

फिलीपींस के बाद अब कालमेगी तूफान वियतनाम (Vietnam) पहुंच चुका है। शुक्रवार की शाम को कालमेगी तूफान ने वियतनाम में लैंडफॉल किया। इसकी वजह से प्रभावित इलाकों में तेज़ हवाओं के साथ बारिश देखने को मिली। इस तूफान ने 205 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लैंडफॉल किया। कई जगह पानी भर गया। अपनी जान बचाने के लिए लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। करीब 2,600 घरों को इस वजह से नुकसान पहुंचा है।

5 लोगों की मौत

कालमेगी तूफान की वजह से वियतनाम में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 3 लोग लापता हैं। 6 लोग इस वजह से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

Updated on:
07 Nov 2025 11:28 am
Published on:
07 Nov 2025 11:24 am