विदेश

Typhoon Ragasa: साल का सबसे खतरनाक तूफान है रागासा! जानिए कैसे पड़ा इसका नाम

रागासा तूफान को इस साल का सबसे खतरनाक तूफान माना जा रहा है। पर क्या आपको पता हैं कि इसका नाम कैसे पड़ा? आइए जानते हैं।
2 min read
• •
Updated: 24 Sep 2025, 2:02 PM IST
Typhoon Ragasa
Typhoon Ragasa

कुछ एशियाई देशों में इस समय रागासा तूफान ने हाहाकार मचाया हुआ है। यह शक्तिशाली उष्णकटिबंधीय समुद्री तूफान पश्चिमी प्रशांत महासागर में विकसित हुआ। फिलीपींस के उत्तरी हिस्सों और उसके बाद ताइवान के दक्षिण-पूर्वी तटीय हिस्सों को प्रभावित करने के बाद यह सुपर तूफान अब चीन (China) के दक्षिणी हिस्से, हॉन्गकॉन्ग (Hong Kong), मकाउ (Macau) और साथ ही वियतनाम (Vietnam) की ओर बढ़ रहा है। फिलीपींस में इस तूफान की वजह से 6 लोगों की और ताइवान में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है।

क्यों खतरनाक है रागासा तूफान?

रागासा तूफान कितना खतरनाक है इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि इसकी हवाओं की रफ्तार 205 किलोमीटर प्रति घंटे तक है और इसी रफ्तार से इसने ताइवान में एंट्री ली। इसे कैटेगरी 5 जितना खतरनाक माना जाता है। फिलीपींस और ताइवान में प्रभावित क्षेत्रों में इस तूफान से काफी तबाही मची है और अब आगे जिन देशों में इसकी वजह से खतरा मंडरा रहा है, वहाँ हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

कैसे पड़ा इस तूफान का नाम रागासा?

'रागासा' एक फिलीपीनो शब्द है, जिसका मतलब है "अचानक तेज़ गति"। यह नाम तूफान की तेज़ी से बढ़ती रफ्तार को दर्शाता है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने इसी साल 18 सितंबर को इस तूफान को 'रागासा' नाम दिया। पश्चिमी उत्तर प्रशांत में तूफानों के नामों की लिस्ट को हर 6 साल में चक्रवाती रूप से दोहराया जाता है, लेकिन विनाशकारी तूफानों के नामों को हटा दिया जाता है और नए नामों से प्रतिस्थापित किया जाता है। इस साल इन नामों की लिस्ट में "रागासा" को जोड़ा गया।

2025 के सबसे खतरनाक समुद्री तूफान

2025 में रागासा तूफान के अलावा भी और कई खतरनाक तूफान देखने को मिले हैं। इनमें काजिकी (Kajiki), दानास (Danas), मुन्न (Mun) और एरिक (Erick) शामिल हैं। इन तूफानों की वजह से भी जान-माल का काफी नुकसान हुआ है।