
ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच अभी भी तनाव बरकरार है, जिसका असर होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) में भी देखने को मिल रहा है। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर रखा है। जो जहाज अमेरिका द्वार बताए रास्तों, जिन्हें ईरान ने अवैध घोषित किया हुआ है, से गुज़र रहे हैं, वो समुद्री बारूदी सुरंगों का शिकार बन रहे हैं। इसके अलावा कुछ जहाजों पर ईरान की सेना की तरफ से हमलों के मामले भी सामने आए हैं। ईरान ने साफ कर दिया है कि उसकी सेना से बिना समन्वय बनाए होर्मुज स्ट्रेट को पार करने की कोशिश करने वाले जहाजों के लिए होर्मुज स्ट्रेट में खतरा है। अब होर्मुज स्ट्रेट में यूएई (UAE) के एक जहाज पर हमले का मामला सामने आया है।
अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) लॉजिस्टिक्स एंड सर्विसेज़ की एक सहायक कंपनी ने आज, बुधवार, 18 नवंबर को जानकारी दी कि मंगलवार शाम को होर्मुज स्ट्रेट से गुज़रते समय उसके एक जहाज पर हमला हुआ। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अबू धाबी सिक्योरिटीज एक्सचेंज में सूचीबद्ध,अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी लॉजिस्टिक्स एंड सर्विसेज़ अबू धाबी स्थित एक इंटीग्रेटेड मैरीटाइम लॉजिस्टिक्स कंपनी है। यह एनर्जी सेक्टर को सेवाएं देती है और दुनिया भर में इसके 100 से ज़्यादा ग्राहक हैं।
अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी लॉजिस्टिक्स एंड सर्विसेज़ ने एक बयान में बताया कि उसके जहाज पर हमले में 11 नाविक घायल हो गए। घायल नाविकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ इलाज चल रहा है। एक नाविक इस हमले के बाद लापता हो गया है। लापता नाविक की तलाश के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अन्य सभी नाविकों को सुरक्षित जहाज से निकाल लिया गया है।
अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी लॉजिस्टिक्स एंड सर्विसेज़ ने अपने जहाज के साथ हुए इस हादसे के बाद समुद्री कर्मियों की सुरक्षा, आवाजाही की स्वतंत्रता और समुद्री सुरक्षा बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। साथ ही लोगों से अपील की कि वो सिर्फ आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें और बिना पुष्टि की गई जानकारी न फैलाएं।