UK youth asked to prepare for war: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर ब्रिटेन दहशत में है। आलम यह है कि यूके ने देशवासियों से युद्ध के लिए तैयार रहने को कहा है।
Russia UK war warning: रूस-यूक्रेन के बीच बंदूकें पूरी तरह थमेंगी या नहीं, यह आने वाला समय बताएगा। लेकिन इस बीच, ब्रिटेन युद्ध की आशंका में घिर गया है। माना जा रहा है कि रूस का अगला टारगेट ब्रिटेन हो सकता है। रॉयल एयर फोर्स के प्रमुख एयर चीफ मार्शल सर रिचर्ड नाइटन (Sir Richard Knighton) ने चेतावनी देते हुए कहा है कि देश के नौजवानों को रूस के साथ युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए।
मिरर यूके की रिपोर्ट के अनुसार, एयर चीफ मार्शल का कहना है कि वह देश को धोखे में नहीं रखना चाहते। लोगों को पता होना चाहिए कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) से ब्रिटेन को खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रूस के हम पर सीधा हमला बोलने की संभावना कम है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि ऐसा हो नहीं सकता। यह संभावना धीरे-धीरे बढ़ रही है। उन्होंने इसे अपने करियर की सबसे खतरनाक स्थिति करार दिया है। वहीं, पुतिन के बढ़ते खौफ के बीच यूके मीडिया ने लोगों से यह जानना भी शुरू कर दिया है कि क्या वह देश के लिए युद्ध लड़ेंगे?
एयर चीफ मार्शल सर रिचर्ड नाइटन की यह चेतावनी, NATO प्रमुख मार्क रूटे के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने सभी सदस्य देशों को युद्ध के लिए तैयार रहने को कहा था। एयर चीफ मार्शल का कहना है कि ब्रिटेनवासियों को युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हालात ठीक नहीं हैं। बेटे, बेटियों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को तैयार रहना होगा। मालूम हो कि नाटो चीफ ने कहा था कि रूस का अगला निशाना हम हैं। हमें रूस के मुकाबले के लिए तैयारी तेज करने की जरूरत है।
व्लादिमीर पुतिन यूके से इसलिए नाराज हैं, क्योंकि वह युद्ध में यूक्रेन का साथ दे रहा है। यूक्रेन में 28 साल के ब्रिटिश पैराट्रूपर जॉर्ज हूली की मौत की खबर सामने आने के बाद रूस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। रूसी सरकार के मुखपत्र में यूके पर परमाणु हमले को जरूरी बताया गया था। इसके बाद से ही ब्रिटेन दहशत में है। परमाणु हमला भले ही आज के समय में आसान नहीं है, लेकिन एक्स्पर्ट्स का मानना है कि रूस की यह धमकी ब्रिटेन और यूरोपीय देशों के लिए गंभीर खतरा है।
जानकारों का मानना है कि अगर रूस, ब्रिटेन को निशाना बनाता है तो फिर यह दो देशों के बीच की लड़ाई नहीं रहेगी। यह विश्व युद्ध 3 की शुरुआत होगी। इस बीच, यूके के मीडिया हाउस सर्वे करा रहे हैं, जिसमें लोगों से पूछा जा रहा है कि युद्ध की स्थिति में क्या वह देश की तरफ से लड़ना चाहेंगे। मिरर यूके भी एक पोल चला रहा है। इसमें लोगों से पूछा गया है कि अगर विश्व युद्ध 3 शुरू होता है, तो क्या वह अपनी मर्जी से देश की तरफ से लड़ना चाहेंगे? कुल मिलाकर पुतिन को लेकर पूरा ब्रिटेन इस समय दहशत में है।