विदेश

यूक्रेन की मदद करने वाली कंपनियों पर हमले की तैयारी, रूस को लेकर ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी जारी किया अलर्ट

Russia Ukraine War: यूक्रेन की सेना की मदद करने वाली कंपनियां रूस के निशाने पर हैं। ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी MI5 और रक्षा मंत्रालय ने आगजनी और तोड़फोड़ के खतरे को लेकर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 7:28 PM IST
Vladimir Putin
व्लादिमीर पुतिन (Photo - ANI)

यूक्रेन की सेना को मदद पहुंचाने वाली कंपनियां अब रूस के टार्गेट पर हैं। ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी MI5 और रक्षा मंत्रालय ने ऐसी कंपनियों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

ब्रिटिश एजेंसियों ने कहा है कि रूस यूरोप में रक्षा से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाने के लिए आगजनी और तोड़फोड़ जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा है। खास बात यह है कि ब्रिटेन ने इस खतरे को भांपते हुए पहली बार सार्वजनिक रूप से कंपनियों को सुरक्षा बढ़ाने की सलाह दी है।

सुरक्षा मजबूत करने की सलाह

ब्रिटेन की ओर से जारी इस चेतावनी में कहा गया है कि यूक्रेन की सेना को सीधे तौर पर मदद देने वाली कंपनियों को अपनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी होगी। आशंका है कि रूस के लिए काम करने वाले लोग इन कंपनियों को निशाना बना सकते हैं।

ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय और MI5 से जुड़ी नेशनल प्रोटेक्टिव सिक्योरिटी अथॉरिटी ने मंगलवार को यह सुरक्षा अलर्ट जारी किया। इसमें कहा गया कि पिछले कुछ महीनों में रूस ने यूरोप में रक्षा क्षेत्र से जुड़े ठिकानों पर तोड़फोड़ की कोशिशें बढ़ाई हैं।

लालच देकर हमलों के लिए लोगों को तैयार किया जा रहा!

ब्रिटिश एजेंसियों ने बताया है कि इन घटनाओं को अंजाम देने के लिए रूस सीधे अपने सरकारी एजेंटों का इस्तेमाल करने के बजाय दूसरे लोगों की मदद ले रहा है। ऐसे लोगों को पैसे या अन्य लालच देकर हमलों के लिए तैयार किया जा सकता है।

चेतावनी में बताया गया कि इन हमलों का तरीका बहुत जटिल नहीं होता। आग लगाना और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना इसके आम उदाहरण हैं। ऐसे हमलों का मकसद कंपनियों के कामकाज में बाधा डालना और यूक्रेन को मिलने वाली सैन्य मदद को प्रभावित करना हो सकता है।

यूक्रेन से जुड़े कारोबार पर पहले भी हो चुका है हमला

ब्रिटेन में यूक्रेन से जुड़े कारोबार को निशाना बनाए जाने का मामला पहले भी सामने आ चुका है। पिछले साल ब्रिटेन की अदालत ने आगजनी के एक मामले में शामिल कई लोगों को जेल की सजा सुनाई थी।

इन लोगों पर यूक्रेन से जुड़े एक कारोबारी ठिकाने में आग लगाने का आरोप था। ब्रिटिश अधिकारियों का दावा था कि यह हमला रूस के इशारे पर किया गया था। इस मामले में मुख्य आरोपी को 17 साल जेल की सजा सुनाई गई थी।

यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से रूस की गतिविधि तेज

ब्रिटेन का कहना है कि यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से रूस की ओर से जासूसी और तोड़फोड़ की गतिविधियां बढ़ी हैं। लंदन कई बार मॉस्को पर यूरोप में अस्थिरता फैलाने और संवेदनशील ठिकानों की जानकारी जुटाने का आरोप लगा चुका है।

ब्रिटिश सरकार ने कंपनियों को अपने परिसर, कर्मचारियों और जरूरी उपकरणों की सुरक्षा की समीक्षा करने की सलाह दी है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी खतरे की जानकारी तुरंत संबंधित एजेंसियों को देने को कहा है। फिलहाल इस मामले पर लंदन स्थित रूसी दूतावास की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Updated on:
24 Nov 2026, 7:28 PM IST
Published on: