
Ukraine EU Membership: यूक्रेन की यूरोपीय संघ (EU) की सदस्यता हासिल करने की कोशिशों को नई गति मिली है। यूरोपीय आयोग ने बुधवार को यूक्रेन समेत चार देशों के लिए सदस्यता से जुड़ा रोडमैप पेश किया। आयोग ने यूक्रेन से सुधारों की रफ्तार बढ़ाने को कहा है, ताकि 2028 के अंत तक सदस्यता वार्ता पूरी करने का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
इस बीच, अमेरिका ने यूक्रेन को 500 पैट्रियट PAC-3 MSE मिसाइलों की संभावित बिक्री को भी मंजूरी दी है। इस रक्षा सौदे की अनुमानित कीमत 2.1 अरब डॉलर है। खास बात यह है कि इस खरीद का पूरा खर्च अमेरिका के बजाय उसके सहयोगी और साझेदार देश उठाएंगे।
यूरोपीय आयोग ने अपने वार्षिक विस्तार पैकेज के तहत यूक्रेन, मोंटेनेग्रो, अल्बानिया और मोल्दोवा के लिए सदस्यता प्रक्रिया से जुड़े लक्ष्य और सुधारों का खाका पेश किया है।
आयोग ने स्पष्ट किया कि EU की सदस्यता की दिशा में आगे बढ़ना संबंधित देशों में सुधारों की प्रगति पर निर्भर करेगा। यूक्रेन ने पिछले एक साल में बातचीत के चार समूह खोले हैं। आयोग के मुताबिक, वह बाकी सभी समूह खोलने की शर्तें भी पूरी करता है।हालांकि, सदस्यता प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए यूक्रेन को कानून का शासन मजबूत करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं में सुधार, सार्वजनिक प्रशासन को बेहतर बनाने और राष्ट्रीय अल्पसंख्यकों से जुड़ी कार्ययोजना पर ध्यान देना होगा।
यूरोपीय आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक, सदस्यता वार्ता पूरी करने के मामले में मोंटेनेग्रो सबसे आगे है। वह अब तक बातचीत के 21 अध्याय अस्थायी रूप से बंद कर चुका है। आयोग का मानना है कि वह इस साल के अंत तक बाकी अध्यायों पर भी बातचीत पूरी कर सकता है। उसके सदस्यता समझौते पर काम भी शुरू हो चुका है।
यूरोपीय आयोग ने सदस्यता के इच्छुक देशों को EU में शामिल होने से पहले कुछ प्रमुख क्षेत्रों में एकीकृत करने के लिए साझा ढांचा तैयार करने का प्रस्ताव भी दिया है।