
Nepal Flash Flood Couple Missing : काठमांडू। नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के बाद दो अमेरिकी नागरिक लापता हो गए हैं। लापता दंपती की पहचान 65 वर्षीय रमेश शर्मा और 64 वर्षीय नीलम शर्मा के रूप में हुई है। दोनों माउंट कैलाश की यात्रा के लिए हिमालयी क्षेत्र में गए थे। बाढ़ की चपेट में आने के बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। अब उनकी बेटी डॉ. राधिका शर्मा ने माता-पिता की तलाश के लिए मदद की अपील की है।
डॉ. राधिका शर्मा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर बताया कि मेरे माता-पिता, रमेश शर्मा और नीलम शर्मा नेपाल-तिब्बत/चीन सीमा पर आई बाढ़ के बाद से लापता हैं और उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। वे दोनों अमरीकी नागरिक हैं और माउंट कैलाश की यात्रा पर थे। यदि किसी के पास नेपाल, गीरोंग/तिब्बत, स्थानीय अस्पतालों, राहत एवं बचाव टीमों, सरकारी/स्थानीय मीडिया या ग्राउंड पर मौजूद किसी व्यक्ति का सीधा संपर्क हो, तो कृपया मुझे तुरंत संपर्क करें।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 26 अगस्त को नेपाल-चीन सीमा के पास मलबे और चट्टानों का एक बड़ा हिस्सा नदी में गिर गया। इसके बाद अचानक आई बाढ़ ने आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचाई। बाढ़ का पानी बस्तियों, सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे को बहा ले गया नेपाल के अधिकारियों के अनुसार, 400 से अधिक पर्यटकों के लापता होने की सूचना है, जिनमें बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की है। खराब मौसम और मुश्किल परिस्थितियों के बीच बचाव अभियान जारी है।
बाढ़ के कारण कई सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। संचार व्यवस्था भी प्रभावित हुई है, जिससे लापता लोगों तक पहुंचने और उनके बारे में जानकारी जुटाने में बचाव दलों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रभावित इलाकों तक पहुंचने के लिए हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन कई स्थानों पर खराब परिस्थितियों के कारण हवाई राहत अभियान भी मुश्किल हो गया है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि वह बाढ़ से प्रभावित अमेरिकी नागरिकों की स्थिति से अवगत है और स्थानीय अधिकारियों तथा क्षेत्र में काम कर रहे टूर ऑपरेटरों के संपर्क में है। प्रभावित इलाकों में मौजूद अमेरिकी नागरिकों से स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और आपातकालीन सूचनाओं पर नजर रखने को कहा गया है।
बाढ़ का असर चीन के तिब्बती क्षेत्र में भी हुआ है। रॉयटर्स के अनुसार, ग्यिरोंग काउंटी में भूस्खलन के बाद कई लोगों के हताहत होने की सूचना है, जबकि सैकड़ों लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल और तिब्बत दोनों ओर राहत एवं बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।