
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के रणनीतिक समूह क्वाड (Quad) के कमजोर पड़ने की अटकलों को अमेरिका ने खारिज कर दिया है। मनीला में होने वाली क्वाड नेताओं की बैठक से पहले अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारी ने इन खबरों को पूरी तरह गलत और 'फेक न्यूज' करार दिया है।
अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री डायलन जॉनसन ने रिपोर्ट पर कहा कि क्वाड के कमजोर होने की बात पूरी तरह बेतुकी है। दरअसल, 'पोलिटिको' की एक रिपोर्ट में वॉशिंगटन स्थित एक एशियाई राजनयिक के हवाले से दावा किया गया था कि ट्रंप प्रशासन के दौरान क्वाड की स्थिति कमजोर हो रही है और यह समूह लगभग निष्क्रिय होने की ओर बढ़ रहा है।
फिलीपींस की राजधानी मनीला में मंगलवार को क्वाड देशों के नेता करीब दो साल के अंतराल के बाद बैठक करेंगे। यह बैठक आसियान शिखर सम्मेलन के इतर होगी। इसमें समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण और उभरती तकनीक, जलवायु परिवर्तन, स्वास्थ्य, आर्थिक सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।
बैठक में स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति चारों देशों की प्रतिबद्धता भी दोहराई जाएगी। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान पर जोर दिया जाएगा। पूर्वी और दक्षिण चीन सागर में बलपूर्वक या दबाव के जरिए यथास्थिति बदलने की कोशिशों का विरोध भी बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेगा।
रिपोर्ट पर अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री डायलन जॉनसन ने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो पिछले दो वर्षों में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों के साथ पांच बार औपचारिक बैठकें की है। इनमें से तीन बैठकें पिछले छह महीनों में हुई हैं। उन्होंने बताया कि पद संभालने के बाद विदेश मंत्री रुबियो ने सबसे पहली आधिकारिक फोन कॉल क्वाड देशों के साथ की थी। इसके अलावा क्वाड के शेरपा स्तर पर हर महीने नियमित बातचीत और बैठकें होती हैं। इसके अलावा अगले सप्ताह आसियान बैठक के दौरान क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन को औपचारिक रूप देने की दिशा में भी काम कर रहे हैं। यह सब फर्जी खबर है।
दरअसल, पिछले दो वर्षों से भारत क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी नहीं कर पाया है। पोलिटिको की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि भारत-अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव और ट्रंप प्रशासन की चीन के साथ बढ़ती बातचीत का असर क्वाड पर पड़ सकता है।
भारत के अलावा जापान और ऑस्ट्रेलिया में भी इस समूह के भविष्य को लेकर चिंताएं जताई गई थीं। हालांकि, ट्रंप के दोबारा सत्ता में आने के बाद विदेश मंत्रियों की 5 बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन नेताओं के स्तर पर शिखर सम्मेलन नहीं हो पाया था।
ऐसी अटकलें थीं कि ट्रंप भारत में क्वाड शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए यात्रा करने को लेकर उत्साहित नहीं हैं। अब यह बैठक मनीला में हो रही है, लेकिन किसी क्वाड सदस्य देश के बजाय एक बहुपक्षीय सम्मेलन के इतर आयोजित की जा रही है।
मनीला में होने वाली यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब दक्षिण चीन सागर में चीन और फिलीपींस के बीच समुद्री क्षेत्र को लेकर तनाव फिर बढ़ा है। दोनों देशों के बीच इस क्षेत्र में संप्रभुता और समुद्री अधिकारों को लेकर विवाद है। ऐसे में क्वाड की बैठक को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग और समुद्री सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गौरतलब है कि वर्ष 2021 में क्वाड को नेताओं के शिखर सम्मेलन के स्तर तक पहुंचाया गया था। अब मनीला बैठक के जरिए चारों देश इस साझेदारी को आगे बढ़ाने का संदेश देना चाहते हैं।