
FAA Flight Suspension: अमेरिका में हवाई सफर की रफ्तार पर उस वक्त अचानक ब्रेक लग गया, जब देश के एयर ट्रैफिक कंट्रोल नेटवर्क में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। हालात ऐसे बने कि फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) को यात्रियों की सुरक्षा के लिए देशभर में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी। हैरानी की बात यह है कि दुनिया की सबसे आधुनिक तकनीकों का दावा करने वाले अमेरिका का हवाई यातायात अब भी दशकों पुरानी संचार व्यवस्था पर निर्भर है।
अमेरिका में शुक्रवार दोपहर करीब 3:36 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल के रडार और संचार नेटवर्क में गड़बड़ी शुरू हुई। इसका असर देशभर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों पर दिखाई दिया। विमानों की स्थिति से जुड़ा डेटा असंगत तरीके से मिलने लगा और पायलटों तथा कंट्रोलरों के बीच संपर्क प्रभावित होने लगा। परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, समस्या देश के 22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों तक पहुंच गई थी। ऐसे में FAA ने एहतियातन विमानों को उड़ान भरने से रोकने का फैसला किया।
डफी ने बताया कि जब यह संकट शुरू हुआ, उस समय करीब 3,500 विमान अमेरिकी आसमान में उड़ रहे थे। अधिकारियों ने तत्काल आपात सुरक्षा प्रक्रियाएं लागू कीं। विमानों को नियंत्रित तरीके से नजदीकी या निर्धारित हवाई अड्डों पर उतारने की व्यवस्था की गई। राहत की बात यह रही कि विमानों को सुरक्षित लैंड कराने के लिए आवश्यक गतिविधियां जारी रखी गईं। कानून प्रवर्तन और जीवनरक्षक सेवाओं से जुड़ी उड़ानों को भी जरूरी छूट दी गई।
इस पूरे घटनाक्रम ने अमेरिकी विमानन व्यवस्था की एक गंभीर कमजोरी उजागर कर दी है। डफी के अनुसार, देश का एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम काफी पुराना है और इसमें अब भी एनालॉग टेलीकम्युनिकेशन तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है। नेटवर्क पर डेटा का दबाव बढ़ने से पुराने स्विच और राउटर सही तरीके से काम नहीं कर पाए। इससे रडार और संचार संबंधी सूचनाओं में अस्थिरता पैदा हुई।
मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पिछले एक साल से हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली के पूर्ण आधुनिकीकरण के लिए कांग्रेस से पर्याप्त बजट की मांग कर रहे हैं। सरकार अब मौजूदा तकनीकी ढांचे को बदलकर आधुनिक संचार और नियंत्रण व्यवस्था तैयार करना चाहती है।
देशभर में उड़ानें रुकने के बाद लोग साइबर हमले का डर भी जताने लगे। लेकिन गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा, शुरुआती जांच में किसी साइबर हमले के सबूत नहीं मिले हैं। उनके मुताबिक, अभी तक जो पता चला है, उससे ये मामला दूरसंचार नेटवर्क की तकनीकी दिक्कत का लगता है। साथ ही अधिकारियों ने साफ किया है कि FAA की जो नई AI आधारित SMART प्रणाली है, वो इस परेशानी की वजह नहीं बनी ऐसा कोई सबूत नहीं मिला।
इस बार असर सिर्फ मुसाफिरों तक ही नहीं रहा, कार्गो सर्विसेज भी चपेट में आ गईं। करीब 600 फ्लाइट्स को उनके तय एयरपोर्ट से हटाकर दूसरे एयरपोर्ट्स पर भेजना पड़ा। एयरलाइंस को कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और यात्रियों की दोबारा बुकिंग करनी पड़ी। इंटरनेशनल फ्लाइट्स और मालवाहक विमानों पर भी इसका असर दिखा।
इससे पहले भी, जनवरी 2023 में, FAA के एक अहम कंप्यूटर सिस्टम में खराबी की वजह से अमेरिका में सभी फ्लाइट्स रोकनी पड़ी थीं। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद भी ऐसा ही किया गया था। इस बार फिर वही दिखा आज के दौर की एविएशन व्यवस्था तकनीकी मजबूती और बेहतर बैकअप नेटवर्क के बिना बड़े खतरे से खाली नहीं।