Kharg Attack: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अपने चरम पर है। अमेरिकी सेना ने खार्ग द्वीप पर 50 ताबड़तोड़ हमले किए हैं, वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि ईरान आज रात खत्म हो सकता है।
US-Iran Conflict : अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग अब एक बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुँच चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर अब तक की सबसे बड़ी और खौफनाक चेतावनी दे दी है। वे ईरान को 48 घंटे का समय दे चुके हैं,भारतीय समय अनुसार यह समय सीमा सुबह 5.30 बजे खत्म होगी। उनके बयान के जवाब में ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के ताजा बयान से गुस्साए ट्रंप का कहना है कि अगर ईरान ने अपना रुख नहीं बदला, तो आज रात ही ईरान का वजूद खत्म कर दिया जाएगा। इस कड़े ऐलान के साथ ही गुस्से से भरे अमेरिका ने अपनी सैन्य कार्रवाई को कई गुना तेज कर दिया है। ताजा मीडिया रिपोटर्स के अनुसार, अमेरिकी सेना ने ईरान के सबसे अहम खार्ग द्वीप को अपना निशाना बनाया है। इस इलाके पर अमेरिका की तरफ से एक-दो नहीं, बल्कि ताबड़तोड़ 50 हवाई हमले किए गए हैं। इन हमलों से पूरे इलाके में भारी तबाही मच गई है और युद्ध के बादल और भी गहरे हो गए हैं। खार्ग द्वीप ईरान की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, और यहाँ किए गए हमलों ने साफ कर दिया है कि अमेरिका अब आर-पार के मूड में है।
इतने भारी हमलों और धमकियों के बीच एक राहत की खबर भी सामने आई है। ईरान के प्रमुख अखबार 'तेहरान टाइम्स' ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि युद्ध को रोकने के लिए बातचीत के दरवाजे अभी पूरी तरह से बंद नहीं हुए हैं। कूटनीतिक स्तर पर अभी भी शांति स्थापित करने के प्रयास जारी हैं।
तेहरान टाइम्स की इस खबर के कुछ ही देर बाद डोनाल्ड ट्रंप का एक नया बयान सामने आ गया। ट्रंप ने अपने कड़े रुख में हल्की नरमी दिखाते हुए कहा है कि अगर ईरान शांति की तरफ कदम बढ़ाता है और बातचीत आगे बढ़ती है, तो हमले की डेडलाइन को आगे बढ़ाया जा सकता है। यानि, अगर ईरान समझौते के लिए तैयार होता है, तो आज रात होने वाली संभावित महातबाही को टाला जा सकता है। अब पूरी दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या दोनों देश युद्ध के मैदान को छोड़कर बातचीत की मेज पर आएंगे या फिर यह रात मध्य पूर्व के इतिहास की सबसे खौफनाक रात साबित होगी।