
US Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों में विस्फोट होने का दावा किया गया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के मुताबिक, दोनों जहाजों में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। इनमें से एक सुपरटैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराया था, जबकि दूसरे टैंकर के बारे में दावा किया गया कि वह अमेरिकी लड़ाकू विमानों की मदद से प्रतिबंधित समुद्री रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, अमेरिकी सेना ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
इरानी सेना के आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों टैंकरों ने जलडमरूमध्य में दाखिल होने से पहले चालाकी दिखाते हुए अपने नेविगेशन और पहचान प्रणाली बंद कर दिए थे। वे चोरी-छिपे प्रतिबंधित समुद्री गलियारे से आगे बढ़ने की कोशिश में थे। इसी दौरान पहला सुपरटैंकर पानी के अंदर बिछी एक समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंकर में एक के बाद एक कई धमाके हुए और वह देखते ही देखते आग का गोला बन गया।
दूसरे टैंकर को लेकर इरानी नौसेना ने एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि इस टैंकर को अमेरिकी सैन्य लड़ाकू विमानों की निगरानी और सुरक्षा में आगे बढ़ाया जा रहा था। लेकिन गुप्त रास्ते से गुजरने के चक्कर में इसके साथ भी एक अज्ञात हादसा हो गया। इसके बाद यह टैंकर भी बीच समुद्र में फंस गया और उसमें भी आग लग गई। फिलहाल दोनों टैंकर खाड़ी के दक्षिणी तट के पास बुरी तरह जल रहे हैं। हालांकि, इन टैंकरों पर किस देश का झंडा लगा था, इनके मालिक कौन हैं या इन पर सवार क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं या नहीं, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी साफ नहीं हो सकी है। अमेरिकी सेना की तरफ से भी अभी इस घटना पर कोई बयान नहीं आया है।
इस घटना के बाद IRGC ने सख्त लहजे में चेतावनी जारी की है। इरानी सेना का कहना है कि अनधिकृत रास्तों से गुजरना जहाजों के लिए बेहद खतरनाक है। उन्होंने साफ कहा है कि जो भी जहाज अमेरिकी सेना की मदद लेकर या नियम तोड़कर इस रास्ते से निकलने की कोशिश करेंगे, उनका अंजाम भी ऐसा ही हो सकता है।