विदेश

रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने की नई कोशिश, 10-11 नवंबर को अबू धाबी में होगी बातचीत, अमेरिका करेगा मध्यस्थता

अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने जानकारी दी है कि 10 और 11 नवंबर को अबू धाबी में रूस और यूक्रेन के बीच कार्यस्तरीय बातचीत होगी, जिसमें अमेरिका मध्यस्थता करेगा। वार्ता में युद्ध के बाद की सुरक्षा व्यवस्था, तनाव कम करने और मानवीय मुद्दों पर चर्चा होगी।
2 min read
• •
Updated: 3 Nov 2026, 6:41 AM IST
Russia-Ukraine Peace Talks Steve Witkoff
स्टीव विटकॉफ (फोटो- board of peace)

Russia-Ukraine Peace Talks: अमेरिका ने यूक्रेन और रूस के बीच ढाई साल से अधिक समय से चल रहे युद्ध को समाप्त कराने के लिए एक और राजनयिक पहल शुरू की है। अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने जानकारी दी कि अमेरिका संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी में 10 और 11 नवंबर को यूक्रेन और रूस के बीच होने वाली कार्य-स्तरीय वार्ता में मध्यस्थता करेगा। विटकॉफ ने बताया कि यह बैठक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की युद्ध समाप्त करने की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित की जा रही है। इन चर्चाओं में युद्ध के बाद की सुरक्षा व्यवस्था, तनाव कम करने के उपाय, मानवीय सहायता और स्थायी शांति प्राप्त करने की दिशा में अगले कदम पर चर्चा की जाएगी।

वार्ता से पहले यूरोपीय सहयोगियों और नाटो के साथ बनेगी रणनीति

अबू धाबी में दोनों पक्षों की आमने-सामने की मुलाकात से पहले अमेरिका अपने यूरोपीय सहयोगियों को भी भरोसे में लेने की तैयारी कर रहा है। स्टीव विटकॉफ के अनुसार, अमेरिकी वार्ताकारों की एक टीम इस सप्ताह ब्रसेल्स में फ्रांस, जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, यूरोपीय संघ (EU) और नाटो के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेगी।

इस बैठक का एजेंडा यूक्रेन को भविष्य के लिए ठोस सुरक्षा गारंटी देना, युद्ध के बाद यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था तैयार करना और युद्ध से ताबह हुए यूक्रेन के पुनर्निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय आर्थिक अवसरों को तलाशना होगा। विटकॉफ ने उम्मीद जताई कि कीव, ओस्लो और सेंट पीटर्सबर्ग में पूर्व में हुई वार्ताओं की प्रगति को आगे बढ़ाते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए एक व्यापक और स्थायी शांति समझौते तक पहुंचना संभव होगा।

जेलेंस्की ने रूस के बड़े हमले की आशंका जताई

शांति वार्ता की घोषणा के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि कीव को खुफिया जानकारी मिली है कि मॉस्को यूक्रेन के खिलाफ एक और बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले की तैयारी कर रहा है। उनका दावा है कि रूस के मुख्य निशाने पर यूक्रेन का ऊर्जा ग्रिड और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क होगा।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि रूस, अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान केंद्रित होने का फायदा उठा सकता है। ज़ेलेंस्की ने चिंता जताई कि अमेरिकी चुनावों पर बहुत ज़्यादा ध्यान दिए जाने के बीच, यूक्रेन की एयर डिफेंस जरूरतों को नजरअंदाज किया जा सकता है, खासकर पैट्रियट मिसाइल सिस्टम की डिलीवरी को लेकर।

Updated on:
3 Nov 2026, 6:41 AM IST
Published on: