
US Middle East Security Alert: मिडिल ईस्ट में बढ़ते सुरक्षा खरते के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इसको लेकर अमेरिकी विदेश विभाग ने एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया कि ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमलों का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा ईरान क्षेत्र में अमेरिकी सरकारी अधिकारियों और ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने विभिन्न दूतावासों के माध्यम से बयान जारी किया है। जिसमें नागरिकों से सुरक्षा अलर्ट पर नजर रखने और अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही संभावित फ्लाइट कैंसिलेशन, हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रा में होने वाली बाधाओं को लेकर भी सावधान रहने को कहा है।
विदेश विभाग ने अपने बयान में कहा कि ईरान ने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए हैं। वहीं, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के खिलाफ भी हमले किए हैं।
बयान में कहा कि इन हमलों में नागरिक हवाई अड्डों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया गया, जिसके कारण आम नागरिकों को नुकसान पहुंचा है और यात्रा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। अमेरिकी विदेश विभाग ने चेतावनी दी कि क्षेत्र में जारी संघर्ष तेजी से और गंभीर रूप ले सकता है।
इसी बीच सऊदी अरब की राजधानी रियाद में फाइनेंशियल सेंटर की एक इमारत को निशाना बनाकर किए गए हमले में 11 लोग घायल हो गए। घायलों में दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। इस हमले के पीछे यमन के हूती विद्रोहियों का हाथ होने का आरोप लगाया गया है।
इसको लेकर सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा महानिदेशालय ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है।
बयान के मुताबिक, घायलों में दो सऊदी नागरिक, दो भारतीय, तीन नेपाली और चार मिस्र के नागरिक शामिल हैं। हमले की सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
अमेरिका की चेतावनी और रियाद में हुए हमले के बाद खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। संभावित हमलों के मद्देनजर हवाई सेवाओं, हवाई क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने मिडिल ईस्ट में मौजूद अपने नागरिकों से स्थानीय प्रशासन और अमेरिकी दूतावासों की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।