
US Midterm Elections 2026: अमेरिका में मध्यावधि चुनाव खत्म होने के साथ ही मतगणना शुरू हो गई है। शुरुआती रुझान भी सामने आने लगे हैं। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (प्रतिनिधि सभा) में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी 17 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी रिपब्लिकन 12 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी 41 सीटों और रिपब्लिकन पार्टी 31 सीटों पर आगे है। प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों पर चुनाव हो रहा है, जबकि सीनेट के एक तिहाई सीटों पर चुनाव हो रहा है।
वहीं, अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी की हो रही है। ओहायो में गवर्नर पद के लिए उनके और डेमोक्रेट एमी एक्टन के बीच मुकाबला फंस गया है। ओहायो में सिर्फ गवर्नर चुनाव ही नहीं, सीनेट की सीट भी बहुत चर्चित है। मौजूदा रिपब्लिकन सीनेटर जॉन हस्टेड और पुराने डेमोक्रेटिक सीनेटर शेरॉड ब्राउन के बीच कड़ी टक्कर चल रही है। दोनों तरफ से जोरदार प्रचार हुआ था और नतीजा अभी भी अधर में है।
नॉर्थ कैरोलिना की सीनेट रेस में डेमोक्रेट रॉय कूपर थोड़े वोटों से आगे चल रहे हैं। उनके खिलाफ रिपब्लिकन माइकल व्हैटली हैं।
जॉर्जिया का चुनाव सबसे ज्यादा दिलचस्प है। सीनेट में डेमोक्रेटिक सीनेटर जॉन ओसॉफ दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने रिपब्लिकन माइक कॉलिन्स हैं। खास बात यह है कि 2024 में डोनाल्ड ट्रंप ने जॉर्जिया जीता था। ऐसे में ओसॉफ ही अकेले डेमोक्रेट हैं जो ट्रंप वाले राज्य में अपनी सीट बचा रहे हैं। रिपब्लिकन पार्टी इस सीट को हर हाल में जीतना चाहती है।
गवर्नर पद पर डेमोक्रेट कीशा लांस बॉटम्स इतिहास बनाने की कोशिश कर रही हैं। अगर वे जीत जाती हैं तो जॉर्जिया की पहली ब्लैक महिला गवर्नर बनेंगी। साथ ही राज्य की पहली महिला गवर्नर और पूरे अमेरिका की पहली ब्लैक महिला गवर्नर का तमगा भी उनके नाम होगा।
साउथ कैरोलिना में डेमोक्रेट एनी एंड्रयूज रिपब्लिकन सीनेटर डार्लीन ग्राहम को चुनौती दे रही हैं। ग्राहम के कैंपेन में कुछ मुश्किलें आई थीं। यूनिवर्सिटी ऑफ वर्जीनिया के सबैटो क्रिस्टल बॉल ने पिछले हफ्ते इस रेस का आकलन डेमोक्रेट्स के पक्ष में थोड़ा बदल दिया था। फिर भी यह मुश्किल लड़ाई मानी जा रही है। CNN के मुताबिक जॉर्जिया, केंटकी, साउथ कैरोलिना, वर्मांट, वर्जीनिया और इंडियाना में शाम 7 बजे वोटिंग बंद हो गई। फ्लोरिडा में कुछ जगहों पर हाउस के चुनाव पूरे हो गए हैं। बाकी जगहों पर 8 बजे बंद होने वाले थे।