
US Midterm Election Results 2026: अमेरिका के मध्यावधि चुनाव ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सियासी ताकत को सीधी चुनौती दे दी है। डेमोक्रेट्स ने प्रतिनिधि सभा में अच्छी-खासी बढ़त बना ली है, और कई अहम राज्यों में उनके जीतने से पूरे देश की राजनीति का माहौल थोड़ा बदल गया है। जॉर्जिया में कीशा लांस बॉटम्स की ऐतिहासिक जीत ने मुकाबले को और भी दिलचस्प बना दिया। अब सबकी नजरें सीनेट के आखिरी नतीजों और कांग्रेस में बनने वाले नए समीकरणों पर टिकी हैं।
2026 के इन चुनाव के शुरुआती नतीजे देखकर ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। माना जा रहा है कि डेमोक्रेट्स प्रतिनिधि सभा में नियंत्रण पा सकते हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, उन्होंने कई अहम सीटों पर बढ़त भी हासिल कर ली है। मतगणना पूरी होने तक तस्वीर बदल सकती है, लेकिन फिलहाल डेमोक्रेट्स की स्थिति मजबूत लग रही है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट बताती है, उत्तरी कैरोलिना में डेमोक्रेट रॉय कूपर ने रिपब्लिकन माइकल व्हाटली को हराकर सीनेट की सीट जीत ली। जॉर्जिया में जॉन ओसॉफ अपनी सीट फिर से बचाने में कामयाब रहे, और न्यू हैम्पशायर में क्रिस पप्पास ने भी रिपब्लिकन को पीछे छोड़ दिया। इन नतीजों ने डेमोक्रेट्स के हौसले काफी बढ़ा दिए हैं।
डेमोक्रेट्स को सीनेट में नियंत्रण चाहिए, तो उन्हें और सीटें जीतनी होंगी। चुनावी अपडेट्स देखें तो फिलहाल पार्टी 11 सीटें जीत चुकी है, बाकी सीटों के लिए मुकाबला अभी जारी है।
डेलावेयर में क्रिस कून्स, न्यू जर्सी में कोरी बुकर, रोड आइलैंड में जॉन रीड, मैसाचुसेट्स में एडवर्ड मार्की और वर्जीनिया में मार्क वार्नर जैसे कई बड़े नामों ने जीत दर्ज की है। कोलोराडो के जॉन हिकेनलूपर और न्यू मैक्सिको के बेन लुजान ने भी अपनी सीटें बरकरार रखीं।
सीनेट में बहुमत का असली फैसला तो अब आने वाले नतीजों से ही होगा। बाकी बचे हुए राज्यों में जो वोट गिने जाएंगे, वे ही संसद में पावर बैलेंस तय करेंगे।
जॉर्जिया के गवर्नर चुनाव में डेमोक्रेट कीशा लांस बॉटम्स ने रिपब्लिकन कारोबारी रिक जैक्सन को हरा दिया और साथ ही इतिहास भी बना दिया। वो अमेरिका की पहली अश्वेत महिला गवर्नर बनी हैं। उनके जीतने से जॉर्जिया की सियासत नया मोड़ ले गई है।
बॉटम्स अटलांटा की मेयर रह चुकी हैं, उनका मुकाबला जैक्सन जैसे ताकतवर और पैसे वाले उम्मीदवार से था। जैक्सन ने अपने अभियान में 200 मिलियन डॉलर से ज्यादा झोंक दिए, लेकिन इसके बावजूद बॉटम्स को जनता का भरपूर समर्थन मिला।
उनकी जीत जॉर्जिया में बदलते सियासी माहौल की भी झलक देती है। अटलांटा के आसपास आबादी बढ़ रही है, मतदाताओं के रुझान बदल रहे हैं और यही बदलाव अब वोटिंग में दिख रहा है। बॉटम्स ने आर्थिक असमानता, विकास और समाज में बढ़ती दरारों पर फोकस किया, इन्हीं मुद्दों की वजह से भी उन्हें वोट मिले।
न्यूयॉर्क में कैथी होचुल ने गवर्नर पद बरकरार रखा। कोलोराडो में फिल वाइजर और कनेक्टिकट में नेड लैमोंट की जीत ने पार्टी को और मजबूत कर दिया। जॉर्जिया में बॉटम्स और ओसॉफ की जीत से डेमोक्रेट्स को जबरदस्त फायदा हुआ है।
अब, दूसरी तरफ देखें तो रिपब्लिकन भी पीछे नहीं हैं। कैरल मिलर ने वेस्ट वर्जीनिया और टॉम कोल ने ओक्लाहोमा में प्रतिनिधि सभा की सीटें जीत ली हैं। यानी, मुकाबला पूरी तरह खत्म नहीं हुआ, लड़ाई अभी बाकी है।
मतदाताओं के लिए इस बार महंगाई, तेल की कीमतें, टैक्स और आर्थिक असुरक्षा सबसे बड़े मुद्दे रहे। लोगों ने देश की दिशा और राष्ट्रपति के कामकाज को लेकर नाराजगी भी जताई। ऐसे में इन चुनावी नतीजों का ट्रंप प्रशासन के बाकी बचे दो सालों पर सीधा असर पड़ेगा।
अगर डेमोक्रेट्स प्रतिनिधि सभा पर कब्जा कर लेते हैं, तो सरकार की नीतियों की जांच और निगरानी बहुत बढ़ जाएगी। वहीं, सीनेट का बहुमत किसके पास जाएगा, इसका इंतजार पूरे अमेरिका में है राजनीति की तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं है।