
चाइनीज़ शहर शेन्ज़ेन में अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump), रूस (Russia) के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) और चीन (China) के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) के बीच आज त्रिपक्षीय मीटिंग हुई। इन तीनों राष्ट्राध्यक्षों ने एक-दूसरे के साथ द्विपक्षीय मीटिंग्स भी की। इन मीटिंग्स के दौरान रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) पर भी चर्चा हुई। ट्रंप और जिनपिंग से मुलाकात के बाद अब पुतिन ने यूक्रेन को चेतावनी दे दी है।
हाल ही में यूक्रेनी सेना ने क्रीमिया ब्रिज (Crimea Bridge) पर हमला किया। यह ब्रिज रूस और क्रीमिया को जोड़ता है। यूक्रेनी सेना ने तीन दिन ड्रोन से इस ब्रिज पर हमला किया। अब पुतिन ने यूक्रेन को साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यूक्रेन को क्रीमिया ब्रिज पर हमले का दर्दनाक जवाब मिलेगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एक समय क्रीमिया, यूक्रेन का ही हिस्सा था। 2014 से इस क्षेत्र पर रूस का आधिपत्य है क्योंकि सैन्य कार्रवाई के ज़रिए रूस ने क्रीमिया को यूक्रेन से अलग करते हुए उस पर कब्ज़ा कर लिया था।
यूक्रेनी सेना के करमिया ब्रिज पर हमले की वजह से हाईवे ब्रिज का एक हिस्सा समुद्र में गिर गया। इससे सड़क और समुद्री यातायात ठप हो गया और क्रीमिया तक रूसी लॉजिस्टिक्स पर भारी दबाव पड़ गया। हमले के कारण ब्रिज का एक आर्च और स्पैन पानी में गिर गया, जिससे हाईवे से संपर्क टूट गया। इस हमले से रेल यातायात भी कुछ हद तक प्रभावित हुआ। एक्सपर्ट्स का मानना है कि हालिया हमले की वजह से क्रीमिया ब्रिज को हुआ नुकसान 2022, 2023 और 2025 के पिछले हमलों की तुलना में कहीं ज़्यादा गंभीर है। मलबे और पुल के खंभों को संभावित नुकसान पहुंचने के कारण इसकी मरम्मत करना काफी मुश्किल हो गया है। सड़क संपर्क कट जाने के कारण रूस को क्रीमिया में हथियारों समेत अन्य ज़रूरी सप्लाई भेजने के लिए अब फेरी, रेल और दक्षिणी ज़मीनी रास्तों पर ज़्यादा निर्भर रहना पड़ रहा है। इससे ये रास्ते भी यूक्रेनी दबाव की चपेट में आ गए हैं।