विदेश

डोनाल्ड ट्रंप से मिले वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की, यूक्रेन में पैट्रियट मिसाइल डिफेंस सिस्टम बनाने का दिया प्रस्ताव

Trump-Zelenskyy Meeting: यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की ने आज अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। रूस-यूक्रेन युद्ध पर चर्चा दोनों के बीच बातचीत का मुख्य विषय रहा।
2 min read
Jul 29, 2026
Volodymyr Zelenskyy meets Donald Trump
डोनाल्ड ट्रंप से मिले वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की (Photo - @ZelenskyyUa on social media)

यूक्रेन (Ukraine) के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की (Volodymyr Zelenskyy) इस समय अमेरिका (United States of America) दौरे पर हैं, जहाँ आज राजधानी वॉशिंगटन डीसी में स्थित व्हाइट हाउस में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) से मुलाकात की। दोनों के बीच यह मीटिंग ओवल ऑफिस में हुई। इस दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance), विदेश मंत्री मार्को रुबियो (Marco Rubio) और युद्ध (रक्षा) मंत्री पीट हेग्सेथ (Pete Hegseth) भी मौजूद रहे।

पैट्रियट मिसाइल डिफेंस सिस्टम बनाने का दिया प्रस्ताव

ट्रंप और ज़ेलेन्स्की के बीच हुई मीटिंग में बातचीत का मुख्य विषय हर बार की तरह रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) ही रहा। ज़ेलेन्स्की ने ट्रंप को यूक्रेन में ही पैट्रियट मिसाइल डिफेंस सिस्टम बनाने का प्रस्ताव भी दिया। इस विषय में दोनों के बीच प्रोडक्शन लाइसेंस और कई अन्य विचारों पर चर्चा हुई, जिससे रूस के खिलाफ युद्ध में यूक्रेन को मदद मिल सकती है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पैट्रियट मिसाइल डिफेंस सिस्टम एक ज़मीन आधारित एयर मिसाइल डिफेंस सिस्टम है। इससे आने वाली मिसाइलों को रोका जा सकता है। साथ ही इसे मिसाइल लॉन्चर की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है। दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने कूटनीति पर बात करते हुए कूटनीतिक प्रक्रिया को फिर से मज़बूत करने को भी ज़रूरी बताया।

लॉकहीड मार्टिन टीम से भी की मुलाकात

ज़ेलेन्स्की ने अमेरिकी डिफेंस कंपनी लॉकहीड मार्टिन (Lockheed Martin) की टीम से भी मुलाकात की, जो अमेरिका की सबसे मज़बूत कंपनियों में से एक है, और यूक्रेन के साथ समय से मिलकर काम कर रही है। लॉकहीड मार्टिन ही ATACMS, HIMARS, F-16 और पैट्रियट डिफेंस सिस्टम के लिए मिसाइलें बनाती है। ज़ेलेन्स्की ने लॉकहीड मार्टिन की टीम के साथ अपने सहयोग को और बढ़ाने यानी मिलकर प्रोडक्शन करने और टेक्नोलॉजी के आदान-प्रदान पर चर्चा की। ज़ेलेन्स्की ने कहा कि जो लोग लोगों की जान बचाने में उनकी मदद करते हैं, उनके साथ साझा करने के लिए यूक्रेन के पास भी कुछ है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने पैट्रियट और दूसरे सिस्टम से जुड़ी अपनी संयुक्त क्षमताओं के बारे में लॉकहीड मार्टिन टीम से बात की और बताया कि उनकी टीमें जल्द से जल्द मिलकर प्रोडक्शन शुरू करने और लोगों की जान बचाने की अपनी क्षमताओं को बढ़ाने के लिए खास समाधानों पर काम कर रही हैं।