
किन गांग (Qin Gang), जो कल तक चीन (China) के विदेश मंत्री थे, अब इस पद से हटाए जा चुके हैं। किन का चीन के विदेश मंत्री के तौर पर कार्यकाल करीब 7 महीने ही चला। कल अचानक से चीन के विदेश मंत्री के पद से उनकी छुट्टी कर दी गई। पर चीन की सरकार के इस फैसले से हैरानी नहीं होती है। पिछले कुछ समय से लग भी रहा था कि किन को चीन के विदेश मंत्री के पद से हटाया जा सकता है। एक समय पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) के करीबी माने जाने वाले गांग को जब विदेश मंत्री का पदभार सौंपा गया था तब किसी ने भी उनके चीन का विदेश मंत्री बनने की उम्मीद नहीं की थी। हालांकि पिछले कुछ दिन से लोगों को उनकी छुट्टी के आसार नज़र आ रहे थे।
क्या हो सकती हैं किन की छुट्टी की वजह?
किन को चीन के विदेश मंत्री के पद से हटाए जाने के पीछे किसी भी वजह का खुलासा नहीं किया गया है। उनकी जगह वांग यी (Wang Yi) को चीन के विदेश मंत्री का पदभार सौंपा गया है। पर ऐसी क्या वजह रही कि किन को उनके पद से हटाया गया? इस बारे में किसी स्पष्ट वजह का खुलासा तो नहीं हुआ, पर कुछ संभावित वजहें ज़रूर हैं जो किन की छुट्टी का कारण हो सकती हैं। आइए उन पर नज़र डालते हैं।
1) किन का गायब होना
किन को आखिरी बार सार्वजनिक रूप से 25 जून को देखा गया था। उसके बाद से ही किन गायब चल रहे हैं। लोग उन्हें लापता बता रहे हैं। ऐसे में जिनपिंग पर भी कुछ सवाल उठाए जा रहे हैं। किन को चीन के विदेश मंत्री के पद से हटाने के पीछे यह वजह हो सकती है।
2) अफेयर की अफवाह
किन शादीशुदा हैं। पर पिछले कुछ समय से उनके चीन में जन्मी अमरीकी न्यूज एंकर फू शियाओशियन (Fu Xiaotian) से अफेयर की अफवाह चल रही है। यह भी कहा जा रहा है कि किम और फू एक-दूसरे को तब से जानते हैं जब से किन अमरीका में राजदूत थे। ऐसे में किन के अचानक से गायब होने की एक वजह यह भी बताई जा रही है जिस वजह से उन पर सवाल उठ रहे हैं। किन को चीन के विदेश मंत्री के पद से हटाने के पीछे यह वजह भी हो सकती है।
3) स्वास्थ्य संबंधी कारण
किन को चीन के विदेश मंत्री के पद से हटाए जाने के पीछे स्वास्थ्य संबंधी कारण भी हो सकता है। यही उनके गायब होने की वजह भी हो सकता है।