विदेश

Oldest Bird: अपनी उम्र से 3 गुना ज्यादा जी चुका ये पक्षी, साइंस को भी कर दिया फेल, जानिए कौन है

World Oldest Wild Bird: दुनिया की सबसे बुजुर्ग जंगली चिड़िया ने तमाम मुश्किलों के बावजूद 74 साल की उम्र में अंडा दिया। यह पक्षियों के संसार से जुड़ी एक दुर्लभ घटना है।

2 min read

World Oldest Wild Bird: दुनिया के सबसे पुराने ज्ञात जंगली पक्षी ने लगभग 74 साल की उम्र में अंडा दिया है। लेसन अल्बाट्रॉस प्रजाति (Oldest Bird) के इस पक्षी का नाम विज़्डम है। इसे अमरीकी मछली और वन्यजीव सेवा ने प्रशांत महासागर में मिडवे एटोल राष्ट्रीय वन्यजीव अभयारण्य में अपने नए साथी के साथ अंडे की देखभाल करते हुए फिल्माया है। इस प्रजाति के पक्षी आमतौर पर केवल 12-40 साल तक जीवित रहते हैं। लेकिन विजडम को सबसे पहले 1956 में टैग किया गया था जब वह लगभग पांच साल की थी। उस समय विजडम को पहली बार अंडा देते हुए टैग किया गया था। विजडम ने इससे आखिरी बार 2021 में बच्चे को जन्म दिया था। ऐसा माना जाता है कि उसने अपने पूरे जीवनकाल में 30 से अधिक बच्चों को जन्म दिया है।

जीवनभर एक ही साथी

अमरीकी मछली और वन्यजीव सेवा संस्थान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि विजडम ने इस साल एक नए साथी के साथ अंडा दिया है। उसका पुराना साथी अकेकामाई पिछले कुछ सालों से गायब है। दरअसल, यह प्रजाति आमतौर पर जीवन भर के लिए एक साथी बनाती है। लेकिन क्योंकि विजडम अपनी उम्र से तीन गुणा ज्यादा जी चुकी है तो हो सकता है कि उसने अपने पहले साथियों को खो दिया हो।

हर साल विजडम के लौटने बेसब्री से इंतजार

संस्थान के एक वाइल्डलाइफ बायोलॉजिस्ट जॉन प्लिसन ने बीबीसी रेडियो 4 के एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि, विजडम तीस लाख लेसन अल्बाट्रॉस में से एक है जो प्रजनन के लिए मिडवे जाती है। उन्होंने आगे कहा कि हम हर साल विजडम के लौटने का बेसब्री से इंतजार करते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि, विजडम में अभी भी एक बार और अंडा देने की ऊर्जा और वृत्ति दिखाई देती है। उसके अंडे से बच्चा होने की 70-80 प्रतिशत संभावना है।

Published on:
06 Dec 2024 11:07 am
Also Read
View All

अगली खबर