
हूती विद्रोहियों (Houthis) और यमन (Yemen) की सरकारी सेना के बीच जंग बढ़ती ही जा रही है। हूती विद्रोही जहाँ लगातार सऊदी अरब (Saudi Arabia) पर और यमन में सरकार के नियंत्रण वाले क्षेत्रों पर हमले कर रहे हैं, तो सऊदी अरब और यमन की सेना भी हूतियों के ठिकानों को निशाना बना रही हैं। इससे अरब प्रायद्वीप में स्थिति गंभीर होती जा रही है।
इसी बीच आज यमनी सेना ने हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर 9 एयरस्ट्राइक्स कर दी। यमन की सरकार ने जानकारी दी कि एक घंटे के दौरान देश के ताइज़ प्रांत में उनकी सेना ने ये एयरस्ट्राइक्स की। इनमें से 5 एयरस्ट्राइक्स धुबाब जिले में और 4 अल-मिसराख जिले में किए गएकी गईं। इन हवाई हमलों में कितने लोग हताहत हुए और कितना नुकसान हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार यमनी सेना ने देश के उत्तरी सादा प्रांत के घम्र जिले को भी निशाना बनाया और एयरस्ट्राइक की। इस एयरस्ट्राइक में भी जान-माल का नुकसान हुआ, लेकिन कितना हुआ, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।
हूती विद्रोहियों और यमन की सेना के बीच चल रही इस जंग की वजह से लोग ताइज़ में अपने घर छोड़कर भागने के लिए मजबूर हो गए हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ताइज़ देश का तीसरा सबसे बड़ा शहर है और ताइज़ प्रांत की राजधानी भी। हूतियों का कब्ज़ा होने की वजह से उन्होंने सरकार से आने वाली ज़्यादातर सप्लाई पर रोक लगा दी है। शहर में स्थिति गंभीर होने की वजह से लोग निराशा और डर के माहौल में जीने के लिए मजबूर हो गए थे और ऐसे में उन्होंने इसे छोड़कर किसी सुरक्षित जगह पर जाना ही बेहतर समझा। कई लोगों का कहना है कि ताइज़ पर कोई श्राप है। कोई उनके खिलाफ साज़िश कर रहा है, जबकि उनका किसी पार्टी या राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। गौरतलब है कि ताइज़ इस जंग से सबसे ज़्यादा प्रभावित शहरों में से एक है।