विदेश

सऊदी गठबंधन ने हूतियों के मिसाइल-ड्रोन ठिकानों पर बरसाए बम, हमले में 7 लोग घायल, एयरस्ट्राइक का वीडियो जारी

Houthi Militias: सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया है कि उसने यमन के होदेइदाह और धमार प्रांतों में हूती विद्रोहियों के सैन्य संसाधनों को निशाना बनाया है। जिसका वीडियो भी जारी किया गया है। वहीं, हूती समर्थित अल-मसीराह टीवी ने खबर दी है कि इन हमलों में सात लोग घायल हुए हैं।
2 min read
• •
Updated: 2 Nov 2026, 8:29 AM IST
yemen conflict
यमन में हूती ठिकानों पर सऊदी गठबंधन का हमला (फोटो - वीडियो ग्रैब X@@CJFCSpox)

Yemen Conflict: सऊदी के नेतृत्व वाले 'कोएलिशन टू रिस्टोर लेजिटिमेसी इन यमन' ने यमन के होदेइदाह और धमार प्रांतों में सक्रिय हूती विद्रोहियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की। गठबंधन का दावा है कि इन हमलो में हूती विद्रोहियों के सैन्य अभियान के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले प्रमुख संसाधनों और ठिकानों को नष्ट कर दिया गया है। हमलों के कुछ ही समय बाद, गठबंधन के आधिकारिक प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो फुटेज भी जारी किया। फुटेज में देखा जा सकता है कि लेजर-गाइडेड हथियारों ने हूती ठिकानों पर सटीक निशाना साधा, जिससे वे धुएं के गुबार में घिर गए।

गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने एक बयान में बताया कि ये हवाई हमले सऊदी अरब और यमन में आम नागरिकों के ठिकानों पर हूती विद्रोहियों द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों का जवाब थे। साथ ही, ये हमले दक्षिणी लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की आवाजाही के लिए पैदा हुए खतरों को देखते हुए किए गए।

प्रवक्ता ने कहा कि हूती विद्रोही अपनी बैलिस्टिक मिसाइल और मानवरहित हवाई वाहनों (UAV) की क्षमताओं को बढ़ाने के लिए यमन के रणनीतिक संसाधनों का गलत इस्तेमाल कर रहे थे। गठबंधन का मुख्य उद्देश्य उस बुनियादी ढांचे को खत्म करना था, जिसकी मदद से हूती विद्रोही बार-बार हमले करते हैं।

सऊदी गठबंधन ने दी चेतावनी

मेजर जनरल अल-मलिकी ने चेतावनी दी कि हूती विद्रोहियों पर लगाम लगाने और उनके नेटवर्क को तोड़ने के लिए गठबंधन भविष्य में भी सभी जरूरी सैन्य कदम उठाता रहेगा। उन्होंने हूती विद्रोहियों से अपील की कि वे आम नागरिकों के बुनियादी ढांचे और व्यापारिक जहाजों पर हमले तुरंत बंद करें।

प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि अगर हूती विद्रोही अपनी आक्रामक गतिविधियां नहीं रोकते हैं, तो गठबंधन और भी सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा। ऐसे में, किसी भी तरह के नुकसान की पूरी जिम्मेदारी हूती विद्रोहियों की होगी।

हूती मीडिया का दावा- हमलों में 7 लोग घायल

इस बीच, हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले अल-मसीराह टीवी ने दावा किया है कि इन हवाई हमलों में सात आम नागरिक घायल हुए हैं। हूती मीडिया के अनुसार, गठबंधन के लड़ाकू विमानों ने रणनीतिक रूप से संवेदनशील रास ईसा बंदरगाह को निशाना बनाया, जिसमें चार लोग घायल हो गए। इसके अलावा, होदेइदाह के बाजिल जिले में स्थित एक पेट्रोलियम और तेल कंपनी की सुविधा पर हुए हवाई हमले में तीन अन्य लोग घायल हो गए। सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने इन दावों पर कोई अलग टिप्पणी नहीं की है।

Updated on:
2 Nov 2026, 8:29 AM IST
Published on: