
हूती विद्रोहियों (Houthis) और यमन (Yemen) की सरकारी सेना के बीच जंग जारी है। दोनों पक्ष लगातार एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले कर रहे हैं। दोनों पक्ष एक-दूसरे के कब्ज़े वाले इलाकों पर अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। कुछ समय पहले बाब अल-मंदेब स्ट्रेट (Bab al-Mandeb Strait) के पास के कई इलाकों पर यमन की सेना ने कब्ज़ा कर लिया था। लेकिन अब हूती विद्रोहियों ने स्थिति बदल दी है।
यमन की सरकारी सेना ने बाब अल-मन्देब स्ट्रेट के पास के इलाकों से हटने का फैसला लिया है। यमन की सेना ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि हूती विद्रोही इन इलाकों में लगातार उन पर हमले कर रहे थे। बाब अल-मन्देब स्ट्रेट के पास के इलाकों से यमन की सेना के हटने से एक बार फिर इन इलाकों पर हूती विद्रोहियों का कब्ज़ा हो गया है।
बाब अल-मन्देब स्ट्रेट के पास के इलाकों से हटना न सिर्फ यमनी सेना के लिए, बल्कि सऊदी अरब (Saudi Arabia) के लिए भी बड़ा झटका है। वहीँ हूतियों के लिए यह एक बड़ी जीत है।
अब यमन की सेना का फोकस अदन (Aden) शहर की सुरक्षा बढ़ाना है, जिस पर देश की सरकार का ही कंट्रोल है। अदन पर हूती विद्रोही अक्सर हमले करते हैं और सेना चाहती है कि अदन की सुरक्षा में कोई भी चूक न हो। 2014 के आखिर में हूतियों द्वारा देश की राजधानी सना (Sanaa) पर कब्ज़ा कर लेने के बाद से यमन की सरकार दक्षिणी तट पर स्थित अदन से ही काम कर रही है और नहीं चाहती कि हूती इस शहर पर भी कब्ज़ा जमा ले। इसके साथ ही यमनी सेना ताइज़ (Taiz) शहर को भी हूतियों के कंट्रोल से छुड़ाना चाहती है।
यमन में 2014 के आखिर में संघर्ष तब शुरू हुआ जब हूतियों ने सना और उत्तरी यमन के बड़े हिस्से पर कब्ज़ा कर लिया। इसके बाद सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने मार्च 2015 में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के समर्थन में दखल दिया। तभी से दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है और दोनों ही एक-दूसरे के खिलाफ हैं और यमन में भी सरकारी सेना और हूतियों के बीच जंग चल रही है। पिछले दो महीने में तनाव और बढ़ गया है। हूतियों को ईरान (Iran) का समर्थन प्राप्त है तो वहीँ सऊदी अरब की तरफ से यमन की सरकारी सेना को समर्थन प्राप्त है।