विदेश

Missile Attack: ईरान समर्थित हूतियों ने यमन पर एक साथ दाग दीं 10 बैलिस्टिक मिसाइलें, 2 बड़े शहरों में मची अफरा-तफरी

Yemen Houthi attack: यमन में हूती विद्रोहियों ने ताइज और हुदैदा पर 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं हैं। सरकार ने मारीब और अल बयदा में जवाबी कार्रवाई का दावा किया है।
2 min read
Sep 03, 2026
Drone Attack
हमले को लेकर इस्तेमाल की गई प्रतीकात्मक तस्वीर। (फोटो सोर्स:@ddfmarketing1)

Houthi ballistic missiles: यमन में हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने एक बार फिर सरकार नियंत्रित इलाकों पर हमला बोल दिया।

यमन की सेना ने दावा किया है कि हूतियों ने ताइज और हुदैदा प्रांतों की तरफ 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं हैं। यह हमला उन इलाकों में हुआ, जहां आम लोग पहले से ही युद्ध की मार झेल रहे हैं।

ताइज और हुदैदा पर निशाना

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन सरकार के सैन्य मीडिया सेंटर ने इस हमले की जानकारी दी। सेंटर ने बताया कि मिसाइलें इन दोनों प्रांतों को निशाना बनाकर छोड़ी गईं।

फिलहाल नुकसान या हताहतों के बारे में कोई साफ जानकारी नहीं दी गई है। स्थानीय लोगों में डर का माहौल है क्योंकि ऐसे हमले अचानक होते हैं और सुरक्षा व्यवस्था पहले से कमजोर है।

क्यों ताइज को निशाना बनाते हैं हूती?

ताइज लंबे समय से संघर्ष का केंद्र रहा है। हुदैदा बंदरगाह वाला इलाका होने के कारण सामरिक रूप से महत्वपूर्ण है। हूती इन जगहों पर दबाव बढ़ाने की कोशिश करते रहे हैं। इस बार भी उन्होंने बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया, जो पिछले कुछ समय में उनकी आम रणनीति बन चुकी है।

सरकार ने जारी किया वीडियो

हमले की खबर के साथ ही सरकारी पक्ष ने अपनी कार्रवाई के वीडियो भी जारी किए। सैन्य मीडिया सेंटर ने एक्स पर छह वीडियो डाले। इन वीडियो में मारीब और अल बयदा गवर्नरेट में हूती लड़ाकों और ठिकानों पर किए गए हमलों का दावा किया गया है। वीडियो में गोलीबारी और धमाकों के दृश्य दिख रहे हैं, लेकिन इनमें सटीक तारीख या समय का जिक्र नहीं है।

मारीब तेल भंडार वाला क्षेत्र

मारीब तेल भंडार वाला क्षेत्र है और अल बयदा भी संवेदनशील माना जाता है। सरकार का कहना है कि वे हूती ठिकानों को कमजोर करने की कोशिश जारी रखे हुए हैं।

यमन में गृहयुद्ध सालों से चल रहा है। एक तरफ हूती विद्रोही हैं तो दूसरी तरफ अंतरराष्ट्रीय समर्थन वाली सरकार। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमले करते रहते हैं। हूतियों को ईरान का खुला सपोर्ट है। अमेरिका-इजराइल के साथ ईरान का युद्ध शुरू होने के बाद हूतियों ने कई हमले किए हैं।

Updated on:
03 Sept 2026 08:54 am
Published on:
03 Sept 2026 08:54 am