
यूक्रेन में रूस के नियंत्रण वाले जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र से बड़ी खबर सामने आई है। दक्षिण-पूर्वी यूक्रेन में स्थित इस परमाणु संयंत्र की बाहरी बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है। इसके बाद प्लांट के जरूरी उपकरणों को चलाने के लिए बैकअप डीजल जनरेटर का सहारा लेना पड़ रहा है।
परमाणु संयंत्र के रूसी नियंत्रण वाले प्रशासन ने रविवार को इसकी जानकारी दी। हालांकि, प्रशासन ने राहत देते हुए कहा है कि फिलहाल प्लांट और उसके आसपास के निगरानी क्षेत्र में रेडिएशन का स्तर सामान्य है। साथ ही संयंत्र की सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
रूसी प्रशासन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, प्लांट को बिजली देने वाली फेरेसोप्लावना पावर लाइन सुरक्षा प्रणाली के अपने आप सक्रिय होने के कारण बंद हो गई। बताया गया है कि लाइन में नुकसान होने के बाद यह कदम उठाया गया।
प्लांट प्रशासन ने बताया कि बाहरी बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद बैकअप डीजल जनरेटर चालू कर दिए गए हैं। फिलहाल इन्हीं जनरेटर के जरिए संयंत्र के सुरक्षित संचालन के लिए जरूरी उपकरणों को बिजली दी जा रही है।
प्रशासन के मुताबिक, प्लांट के कर्मचारी लगातार सभी उपकरणों के कामकाज और उनके तकनीकी मानकों पर नजर बनाए हुए हैं। बिजली इकाइयों को सुरक्षित स्थिति में बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
रूसी नियंत्रण वाले प्रशासन ने यह भी दावा किया है कि सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम पूरी तरह किए जा रहे हैं और कर्मचारियों की टीम हालात पर लगातार नजर रख रही है।
बिजली सप्लाई बंद होने की खबर के बीच सबसे बड़ी चिंता परमाणु विकिरण को लेकर है। हालांकि, प्लांट प्रशासन ने अपने बयान में कहा है कि संयंत्र परिसर और उसके आसपास बनाए गए निगरानी क्षेत्र में रेडिएशन का स्तर सामान्य बना हुआ है।
फिलहाल किसी तरह के रेडिएशन रिसाव या आपात स्थिति की जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि, बाहरी बिजली आपूर्ति का बंद होना परमाणु संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक गंभीर चुनौती माना जा रहा है।