अनूपपुर. जिले में लगातार हाथियों का आवागमन बना हुआ है। हाथी लगातार लोगों के घरों तथा फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। शनिवार को एक हाथी जैतहरी राजेंद्र ग्राम मुख्य मार्ग पर आ पहुंचा। मुख्य मार्ग के किनारे होकर के कई किलोमीटर चलने के पश्चात हाथी फिर से जंगलों की ओर चला गया। जिले में बीते लगभग 1 माह से हाथी अनूपपुर तथा जैतहरी वन परिक्षेत्र के जंगलों में लगातार विचरण कर रहे हैं। शनिवार को जैतहरी-राजेन्दगाम मुख्यमार्ग को पार करता हुआ हाथी तिपान नदी के पुल के पास स्थित खेतों में लगे हुए गेहूं की फसल को अपना आहार बनाने के पश्चात ठाकुरबाबा मंदिर के पास से गोबरी के जंगल कक्ष क्रमांक 302 में जाकर विश्राम कर रहा है। कुछ दिनों पूर्व ही इसके साथ रह रहे एक हाथी की ग्रामीण के द्वारा करंट लगाए जाने से मौत हो गई थी। इसके बाद से यह अकेले ही जंगलों में विचरण कर रहा है। हाथियों का देखने के पश्चात जैतहरी राजेंद्र ग्राम मुख्य मार्ग पर आवागमन कर रहे दो पहिया एवं चार पहिया वाहन चालक कुछ देर तक तो हाथी के जंगल की ओर जाने का इंतजार करते रहे लेकिन जब वह जंगल की ओर न जाकर सडक़ के किनारे ही जाने लगा तो वाहन चालकों ने वाहन को फिर से मोड़ते हुए अपनी जान बचाते हुए देखे गए।