
अशोकनगर@जावेद की रिपोर्ट...
मुंगावली उप चुनाव के लिए वोटिंग के बाद रविवार को प्रशासन दस्तावेजों की संवीक्षा में लगा रहा। विधानसभा के कुल 14 मतदान केन्द्रों से प्राप्त प्रारूप 17 क व अन्य दस्तावेजों का परीक्षण अधिकारियों ने किया।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदान केन्द्रों की संवीक्षा के लिए सात बिंदु निर्धारित किए हैं। इनमें से कोई भी बिंदु यदि विधानसभा के किसी मतदान केन्द्र पर मिलता है तो उस केन्द्र की संवीक्षा किए जाने के निर्देश आयोग ने दिए थे। इसके तहत विधानसभा के 14 मतदान केन्द्रों की संवीक्षा रविवार को की गई।
रिटर्निंग अधिकारी रवीश श्रीवास्तव ने बताया कि विधानसभा में एएएसडीआर सूची में दर्ज कुछ मतदाताओं द्वारा मतदान किया गया है। ऐसे केन्द्रों की संवीक्षा की गई है। इसमें मतदान केन्द्रों से प्राप्त प्रारूप 17 क व अन्य दस्तावेजों को देखा गया है। इस दौरान सामान्य प्रेक्षक राजेश कुमार, कलेक्टर वीएस चौधरी, एसपी तिलक सिंह, प्रत्याशियों तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संवीक्षा में पाया गया कि विधानसभा क्षेत्र 264 मतदान केन्द्रों पर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के तहत मतदान संपादित हुआ है। इसलिए विधानसभा के किसी भी मतदान केन्द्र पर पुनर्मतदान की आवश्यकता नहीं है। निर्वाचन के संबंध में किसी की कोई भी शिकायत नहीं है।
इधर कांग्रेस ने किया जीत का दावा...
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित कार्यालय में रविवार को कांग्रेस की बैठक हुई। यह बैठक कांग्रेस के मध्य प्रदेश के प्रभारी दीपक बावरिया की उपस्थिति में हुई। इस बैठक में जिला/ शहर कांग्रेस अध्यक्षों एवं विधायकों, मोर्चा संगठनों/ विभागों के प्रदेश अध्यक्षों, जिला पंचायत, नगर पालिका, नगर परिषद के अध्यक्षों को भी बुलाया गया।
यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कोलारस और मुंगावली में जीत का दावा किया है। साथ ही भाजपा पर चुनाव में गलत तरीके अपनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने
भाजपा पर ईवीएम मशीन और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर चुनाव जीतने का आरोप लगाया।
वहीं 60 की उम्र पार कर चुके नेताओं के चुनाव नहीं लड़ने के बाबरिया की अपील पर अरुण यादव ने कहा कि यह फैसला दिल्ली को करना है।
जबकि 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टिकट न देने के अपने बयान पर बावरिया ने कहा कि मैंने सिर्फ चार पांच बार चुनाव लड़ चुके 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों से टिकट न लेने का अनुरोध किया है।
उपचुनाव पर ये बोले बावरिया...
वहीं उपचुनाव पर बोलते हुए बावरिया ने कहा कोलारस और मुंगावली में तमाम हथकंडे अपनाने के बावजूद भाजपा हारेगी और यहां कांग्रेस ही जीतेगी।
उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर बीजेपी के सवालों पर जवाब देते हुए कहा कि ये तो ऐसा हुआ जैसे उल्टा चोर कोतवाल को डांटे।
Published on:
25 Feb 2018 05:36 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
