
अफगानिस्तान: अल कायदा के 4 आतंकी ढेर, मानव रहित विमान की मदद से किया गया था हमला
काबुल। अफगानिस्तान में सैनिकों को फिर एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल वहां के पूर्वी कुनार प्रांतएक मानव रहित विमान द्वारा आतंकी संगठन अल कायदा के ठिकाने को निशाना बनाकर किए गए हमले में संगठन के कम से कम चार आतंकी मारे गए। पूर्वी क्षेत्र में तैनात अफगान राष्ट्रीय सेना कॉर्प्स ने शनिवार को एक बयान में इसकी जानकारी दी।
मौके पर मौजूद रहे चार आतंकियों को किया ढेर
इस संबंध में छपी एक एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मानव रहित विमान ने हाल ही में वतापुर जिले में अल कायदा ठिकाने को निशाना बनाया। इसमें मौके पर मौजूद रहे चार आतंकियों को ढेर कर दिया।
किसी नागरिक या सुरक्षाकर्मी के हताहत होने की खबर नहीं
सैनिकों द्वारा चलाए गए इस ऑपरेशन में नागरिकों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। बयान में भी किसी नागरिक या सुरक्षाकर्मी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी गई है।
कलात के बाहर आतंकियों के गुप्त ठिकानों पर सेना का हवाई हमला
वहीं इससे पहले वहां के दक्षिणी जाबुल प्रांत की राजधानी कलात के बाहर आतंकियों के गुप्त ठिकानों पर सेना के हवाई हमलों में तालिबान के दो वरिष्ठ कमांडर के ढेर होने की जानकारी मिली थी। यह जानकारी प्रांत के पुलिस प्रमुख मोहम्मद मुस्तफा मायर की ओर से साझा की गई थी।
हमले में तालीबानी कमांडर मुल्ला असद और मुल्ला सांगरी की मौत
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अमरीका की अगुवाई में गठबंधन सैन्य बल द्वारा अमकी इलाके में तालिबान के गुप्त ठिकानों पर शुक्रवार को किए गए हमले में तालीबानी कमांडर मुल्ला असद और मुल्ला सांगरी मौके पर ही ढेर हो गए और कुछ अन्य घायल हो गए।
तालिबानी आतंकवादियों का बयान नहीं
समाचार एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि हालांकि मायर ने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। वहीं दूसरी ओर तालिबानी आतंकवादियों ने भी इस पर अभी तक कोई बयान नहीं दिया है।
Published on:
1 Sep 2018, 6:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.